राज्य को विनिर्माण केंद्र बनाने योजना तैयार करेगी सरकार
एडोबी सीईओ से कई मुद्दों पर चर्चा की रेवंत ने
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में प्रमुख वैश्विक कंपनियों से निवेश आमंत्रित करने और राज्य को विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए रचनात्मक योजनाएँ तैयार की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज अपने आवास पर एडोबी के सीईओ एवं तेलंगाना राइजिंग-2047 विज़न बोर्ड के सदस्य शांतनु नारायण से बातचीत कर रहे थे। शांतनु ने बुधवार को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान शांतनु नारायण और मुख्यमंत्री ने वैश्विक रुझानों तथा निवेश के अवसरों के संदर्भ में राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की। एडोबी के सीईओ और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने वैश्विक विनिर्माण, हरित ऊर्जा, रोजगार पर कृत्रिम मेधा के प्रभाव तथा कौशल विकास एवं पुनः कौशल जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार को नई योजनाएँ तैयार कर बड़े वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए आक्रामक रणनीति अपनानी चाहिए।
यह भी पढ़े: रेवंत के इशारे पर काम कर रहा है राज्य चुनाव आयोग : टी. हरीश राव
मुख्यमंत्री ने शांतनु से एआई क्रांति के अर्थव्यवस्था पर प्रभाव और आने वाले दिनों में एआई के प्रभावी उपयोग के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने और राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बोर्ड सदस्य से अधिक सहयोग का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



