हैदराबाद में भीषण सड़क हादसे, पाँच वर्षीय बालक समेत तीन की मौत
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्रों में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच वर्षीय बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। नगर के सीमांत क्षेत्र महेश्वरम थाना परिधि में सड़क हादसे में पाँच वर्षीय बालक की मौत हो गयी, जबकि अन्य कुछ लोग घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि बालाजी नगर, मल्लापुर निवासी रतलावत बदरू गत 22 फरवरी को अपनी पत्नी सरिता, पुत्र रतलावत बिट्ट, प्रीति, कमली, बदया, श्रीकांत और रोमुलू के साथ अपने एक रिश्तेदार के घर दावत में कार में दिंडी (नलगोंडा) गया हुआ था। दावत में भाग लेने के बाद दूसरे दिन 23 फरवरी को वह अपने घर लौट रहा था। शाम 5.30 बजे श्रीशैलम राष्ट्रीय राजमार्ग पर एसएसटीसी कन्वेंशन, मोहब्बत नगर गेट के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण कार में सवार सभी लोग घायल हो गये, लेकिन बदरू का पुत्र बिट्ट गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसी रात उसकी मौत हो गयी।
शमशाबाद में ऑटो की टक्कर से वृद्ध की मौत
एक अन्य घटना में शमशाबाद पुलिस ने बताया कि ऑटो की चपेट में आने के कारण वृद्ध की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार, घांसीमियांगुड़ा निवासी कम्मरी सत्यनारायण (63) स्थानीय पोचम्मा मंदिर के पास पूजन सामग्री बेच कर अपना गुजारा कर रहा था। गत 21 फरवरी को वह शमशाबाद से पूजन सामग्री खरीद कर ऑटो के जरिए घांसीमियागुड़ा पहुँचा और ऑटो से उतर कर सड़क पार कर रहा था। इस दौरान शमशाबाद से शाबाद की ओर जा रहे एक अन्य ऑटो चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से ऑटो चलते हुए सत्यनारायण को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल सत्यनारायण को उस्मानिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां कल रात उसकी मौत हो गयी।
यह भी पढ़े: मारपीट में घायल युवक की मौत, हत्या का मामला दर्ज
एक अन्य घटना में मीरपेट थाना परिधि में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से निजी कर्मी की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि चंद्रा नगर, लेनिन नगर, बालापुर निवासी बी. श्रीरामुलू गत 23 फरवरी की रात सप्तगिरि बार बालापुर चौराहे के पास सड़क पार कर रहा था, उसी समय वहां से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आने के कारण श्रीरामुलू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उस्मानिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान कल रात उसकी मौत हो गयी। पुलिस मामला दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



