अरुणाचल प्रदेश में सेना का वाहन खाई में गिरा, नायब सूबेदार समेत दो जवानों की मौत

ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में सेना का एक वाहन खाई में गिरने से नायब सूबेदार सहित दो जवानों की मौत हो गई। एक रक्षा अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सेना से विलंब से प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया है कि यह हादसा सात मार्च को भारत-चीन सीमा के पास रेड्डी गांव के निकट उस समय हुआ जब वाहन ‘ऑपरेशन स्नो लेपर्ड’ के तहत परिचालन ड्यूटी के लिए गेलेमो से ताकसिंग जा रहा था।
मृतकों की पहचान 56 आर्टिलरी ब्रिगेड के 908 फील्ड रेजिमेंट के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह और उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 18 सिख रेजिमेंट के नायक प्रदीप कुमार शर्मा के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि 908 फील्ड रेजिमेंट के चालक अमरजीत गुर्जर को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज बोरोरुपाक स्थित फील्ड अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



