राहुल बंधु योजना अमल कर रही है रेवंत सरकार : केटीआर
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से पूर्व केसीआर सरकार द्वारा आरंभ की गई रैतु बंधु योजना के बदले कांग्रेस सरकार ने अब नई राहुल बंधु योजना आरंभ की है। इसी योजना के जरिए मुख्यमंत्री अपना पद बचाने के लिए दिल्ली में गांधी परिवार को पैसा भेजते जा रहे हैं।
सिरसिल्ला जिले में भारास के विजयी पार्षदों की सम्मान सभा को संबोधित करते हुए केटीआर ने कहा कि किसान आर्थिक संकटों से जूझ रहे हैं। अब तक रैतु बंधु योजना से संबंधित तीन चरण की राशि सरकार ने किसानों के खातों में जमा नहीं की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाल में दिए बयान, जिसमें गांधी परिवार पर संकट आए तो 1 हजार करोड़ नहीं, हजारों करोड़ रुपये तक देने में कांग्रेस सक्षम है, की याद दिलाई और कहा कि इसलिए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी राहुल बंधु योजना को पक्का अमल करते हुए गांधी परिवार को दिल्ली पैसा भेजते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में किसान रैतु बंधु योजना के जरिए आर्थिक सहायता मिलने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन उन्हें दरकिनार करते हुए मुख्यमंत्री राहुल बंधु योजना चला रहे हैं।
केटीआर ने कहा कि राहुल बंधु अमल करने के लिए ही रेवंत रेड्डी सरकार गरीब व मध्य वर्ग के घरों को ढहाकर भूमियां हथिया कर रियल एस्टेट का व्यापार करके धन अर्जित कर रही है और पैसा दिल्ली भेज रही है। उन्होंने कहा कि इसलिए रैतु बंधु की तीन बार की राशि सरकार ने किसानों के खातों में जमा नहीं की है और रैतु बंधु योजना का पैसा राहुल बंधु योजना पर खर्च कर रही है।
6 गारंटियों पर प्राइवेट मेंबर बिल लायेगी बीआरएस
केटीआर ने चुनाव के पहले तेलंगाना की जनता को दी गई 6 गारंटियों की याद दिलाते हुए कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में बीआरएस 6 गारंटियों को कानूनबद्ध करने की मांग को लेकर प्राइवेट मेंबर बिल लाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट में 6 गारंटियों को कानूनबद्ध करने का निर्णय लेकर 100 दिनों में गारंटियों पर अमल करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आए ढाई वर्ष बीत जाने के बावजूद गारंटियों का अता-पता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से बीआरएस विधानसभा में प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी, जिसके समर्थन में कांग्रेस विधायकों को भी वोट देना पड़ेगा।
केटीआर ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को वोट देना इसलिए भी अनिवार्य हो जाएगा क्योंकि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दिए बयान का उल्लेख करके बीआरएस विधानसभा में प्राइवेट मेंबर बिल को वोट देने की अपील कांग्रेस विधायकों से करेगी और राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस के विधायकों को बिल का समर्थन देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी, सांसद राहुल गांधी ने खुद तेलंगाना आकर चुनाव के पहले डिक्लेरेशनों के जरिए जनता को 6 गारंटियां देकर वोट मांगा था।
यह भी पढ़ें… नवीनीकृत विधान परिषद भवन का उद्घाटन किया सीएम रेवंत रेड्डी ने
मृतक ताड़ी ताशक के परिजनों को प्रदान की आर्थिक सहायता
राजन्ना सिरसिल्ला जिला, तंगलपल्ली मंडल के जिल्लेला ग्राम में ताड़ के पेड़ पर से गिरकर मौत का शिकार हुए ताड़ी ताशक सायली किशन गौड़ के परिजनों से भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने भेंट कर 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
केटीआर ने किशन गौड़ की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया और मृतक के परिजनों से आज मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत ताड़ी ताशक किशन गौड़ के परिजनों को संकट में हर प्रकार से बीआरएस के साथ खड़े होने का आश्वासन दिया। उन्होंने किशन गौड़ के दोनों बच्चों के नाम पर 1-1 लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट करके परिजनों को पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि ताड़ी ताशकों की निरंतर इस प्रकार की हो रही घटनाएं दुःखद हैं। उन्होंने स्थानीय नेताओं को सरकार की ओर से भी पर्याप्त मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



