एयर इंडिया एक्सप्रेस बोइंग 737 मैक्स ने फुकेट में की हार्ड लैंडिंग

मुंबई, एयर इंडिया एक्सप्रेस के बोइंग 737 मैक्स विमान ने बुधवार को फुकेट हवाई अड्डे पर हार्ड लैंडिंग की जिससे उसके आगे के दोनों पहिए अलग हो गए। एक वरिष्ठ डीजीसीए अधिकारी ने यह जानकारी दी। विमान वीटी-बीडब्ल्यूक्यू की उड़ान आईएक्स938 हैदराबाद से फुकेट के लिए रवाना हुई थी।

अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया कि यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल भवन ले जाया गया और कोई घायल नहीं हुआ है। बोइंग 737-मैक्स 8 में सवार यात्रियों की संख्या का तुरंत पता नहीं लगाया जा सका। अधिकारियों के अनुसार, रनवे पर विमान के फंसे होने के कारण हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और विमान को खींचकर बे (हवाई अड्डे का वह हिस्सा जहां विमान को खड़ा किया जाता है) की ओर ले जाया गया है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि फुकेट हवाई अड्डे पर विमान के आगे के पहिए में खराबी आ गई थी और चालक दल ने सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन किया व यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। डीजीसीए के अधिकारी ने बताया कि विमान ने फुकेट हवाई अड्डे के रनवे 9 पर संदिग्ध रुप से हार्ड लैंडिंग की, जिससे वह उछल गया। विमानन की भाषा में ‘हार्ड लैंडिंग’ आमतौर पर अनजाने में हुई ऐसी लैंडिंग को कहा जाता है, जिसमें विमान अत्यधिक ऊर्ध्वाधर गति और जोर के साथ जमीन से टकराता है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारी ने कहा कि विमान रनवे पर फंस गया है, उसके आगे के दोनों पहिये अलग हो गए हैं। उन्होंने कहा कि थाईलैंड के विमानन अधिकारियों से परामर्श के बाद संबंधित प्राधिकरण द्वारा जांच की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि नियमित रखरखाव के तहत आठ मार्च को विमान के आगे के दोनों पहिए बदले गए थे। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button