उप्र : झांसी में गैस सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा, 7 गिरफ्तार
झांसी (उप्र), झांसी जिले में होली के दौरान करीब 500 रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी किये जाने के मामले में सीपरी बाजार क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार करके चोरी किए गए सिलेंडर बरामद कर लिये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी बी जीटीएस मूर्ति ने बुधवार को बताया कि सीपरी बाजार स्थित भारत पेट्रोलियम डिपो के एक ट्रक का चालक राजकुमार भारत गैस के भरे 524 सिलेंडरों से लदा अपना ट्रक डिपो के बाहर खड़ा कर होली मनाने अपने घर चला गया था। उन्होंने बताया कि अगले दिन वापस आने पर चालक को अपना ट्रक नहीं मिला जिसके बाद ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने ट्रक चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था।
मूर्ति ने बताया कि अगले दिन ही चोरी हुआ ट्रक बड़ागांव थानाक्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़ा पाया गया लेकिन उसके अंदर एक भी सिलेंडर नहीं था। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चोरों ने ट्रक में लगा जीपीएस उपकरण भी तोड़कर फेंक दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस की कई टीम में गठित करके गायब गैस सिलेंडरों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे एक सूचना के आधार पर ग्वालियर मार्ग स्थित एक गैस गोदाम के निकट मुठभेड के दौरान पुलिस ने प्रेमनगर के जावेद, सुमित एवं ऋतिक तथा समथर के आमिर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर समथर के ही शुभंकर, अभिषेक एवं सुरेंद्र को भी गैस सिलेंडर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया। मूर्ति ने बताया कि गैस प्लांट में काफी पहले से ट्रक चालक के तौर पर काम कर रहे जावेद एवं ऋतिक ने मिलकर सिलेंडर चोरी कर धन कमाने की योजना बनाई थी।
लाखों की नकदी भी मिली
मूर्ति ने बताया कि दोनों ने इसके लिए समथर स्थित शिव गैस एजेंसी को अपनी योजना में शामिल किया और गैस एजेंसी से 13 लाख रुपए में सौदा कर लिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बुधवार तड़के पुलिस द्वारा शिव गैस एजेंसी पर छापा मार कर वहां से 389 भरे हुए एवं 135 खाली समेत चोरी हुए 524 रसोई गैस सिलेंडर बरामद कर लिये। उन्होंने बताया कि इसके अलावा आरोपियों के पास से 11 लाख 10 हजार रुपए नकद बरामद किये।
यह भी पढ़े: उत्तम नगर में होली विवाद : एक नाबालिग समेत सात गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार कुछ गैस सिलेंडरों को कथित रूप से बेचने से मिले 83 हजार 820 रुपए भी बरामद किये गये हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों एवं ट्रक मालिक के बीच 60-70 हजार रुपए के लेन-देन संबंधी विवाद भी सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेजा गया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



