हैदराबाद को ट्रैफिक समस्या से मुक्ति के लिए कनेक्टिविटी में हो सुधार : सीएम
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि हैदराबाद को ट्रैफिक समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए कनेक्टिविटी में सुधार के चिह्नित कार्य शीघ्र शुरू किये जाएँ, ताकि एक स्थान से दूसरे स्थान पर निर्धारित समयावधि में पहुँचना सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आज मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी की उपस्थिति में सड़क एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें विशेष मुख्य सचिव विकास राज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीनिवास राजू तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में विजन 2047 दस्तावेज़ के अनुरूप राज्य में सड़कों के विकास की योजनाओं और उनकी प्रगति पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोड सेक्टर पॉलिसी 2047 के अनुसार राज्य में सड़क विकास की विस्तृत योजनाएँ तैयार की जाएँ। उन्होंने कहा कि हैदराबाद शहर से राज्य के किसी भी हिस्से तक निर्धारित समय में पहुँचना संभव हो, इसके लिए सड़क नेटवर्क को उसी तरह विकसित किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें… भारत-अमेरिका ट्रेड डील से कृषि क्षेत्र को नुकसान : महेश कुमार गौड़
पहले चिह्नित क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा
हैदराबाद में ट्रैफिक फ्री शहर बनाने के लिए कनेक्टिविटी को बेहतर करने के उद्देश्य से सड़कों के विकास हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए और जिन क्षेत्रों में सड़क विकास कार्य पहले ही चिह्नित किए जा चुके हैं, वहाँ जल्द से जल्द काम शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या से बचने के लिए जीएचएमसी और राजस्व विभाग के साथ समन्वय करते हुए स्पष्ट नीति के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रमुख जिला मुख्यालय के लिए रिंग रोड विकसित करने की संभावना का अध्ययन किया जाए और इन रिंग रोड्स को राष्ट्रीय तथा राज्य राजमार्गों से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया जाए। अधिकारियों को इसकी व्यवहार्यता का अध्ययन कर विस्तृत योजनाएँ तैयार करने के निर्देश बैठक में दिये गये। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि टीचिंग अस्पतालों और बड़े अस्पतालों के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि गरीबों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



