अयोध्या राम मंदिर में बंद नहीं हुई ‘राम रसोई”

अयोध्या, ईरान युद्ध के चलते एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने के बीच यह अफवाह उड़ गई कि अयोध्या में ‘राम रसोई’ बंद हो गयी है। हालाँकि मंदिर प्रशासन ने कहा है कि राम रसोई बंद करने का सवाल ही नहीं उठता। हालाँकि उसने माना कि व्यवस्था प्रभावित हुई है, लेकिन गैस के अभाव में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का उपयोग कर भंडारा निरंतर जारी रखा जाएगा।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि अयोध्या का संकल्प है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का प्रभाव श्रद्धा और सेवा के इस मार्ग में बाधा नहीं बन पाएगा। मंदिर प्रशासन ने रसोई बंद होने को झूठा विमर्श गढ़ने का कुत्सित प्रयास बताया है। राम मंदिर के पास स्थित अमावा मंदिर प्रशासन ने गैस की कमी को देखते हुए फिलहाल निःशुल्क भंडारे का समय सीमित कर दिया है। मैनेजर पंकज कुमार ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध करवाने के लिए अब राइस कुकर, इलेक्ट्रिक कुकर, कोयला और लकड़ी जैसे विकल्पों का उपयोग किया जाएगा।
भारत में एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित
कुमार ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग खोजे जा रहे हैं। उन्होंने माना कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते भारत में एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से अयोध्या की प्रसिद्ध ‘राम रसोई’ के सामने संकट खड़ा हुआ है, लेकिन यह इतना बड़ा भी नहीं है कि आस्था पर भारी पड़ जाए। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी क्षेत्र की 150 दुकानों पर लड्डू प्रसाद का उत्पादन भी बाधित हो रहा है, लेकिन मंदिर प्रशासन इस सेवा परंपरा को किसी भी हाल में बंद नहीं होने देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंदिर की राम रसोई में रोजाना 10 से 20 हजार श्रद्धालु भोजन करते हैं। गैस की अनिश्चितता को देखते हुए फिलहाल भंडारे का समय सुबह 11:30 से दोपहर 1 बजे तक सीमित कर दिया गया है। पंकज कुमार का कहना है कि एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए बिजली से चलने वाले उपकरणों और पारंपरिक ईंधनों की व्यवस्था की जा रही है।
केंद्र सरकार भी अन्य देशों से गैस आपूर्ति के प्रयास कर रही है, लेकिन मंदिर अपनी ओर से पूरी तरह तैयार है। चुनौतियों के बावजूद अयोध्या के संतों और मंदिर प्रशासन का मानना है कि सेवा की परंपरा किसी भी वैश्विक संकट से बड़ी है। अमावा मंदिर ने संदेश दिया है कि हालात चाहे कितने भी कठिन हों, रामनगरी आने वाले भक्तों को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा।(भाषा)
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री मोदी पर मोहित हुए अभिनेता मोहनलाल
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



