हम्डा के मास्टर प्लान में फिर से बीआरटीएस

हैदराबाद, लगभग बीस साल पहले हैदराबाद मेट्रो रेल के कारण शहर के प्रस्तावित विकास के नक़्शे से हटा दी गयी बीआरटीएस परियोजना के बारे में फिर से विचार किया जा रहा है। हैदराबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण ने पच्चीस वर्षीय एक्शन प्लान में बीआरटीएस अर्थात बस रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम का प्रस्ताव तैयार किया है।

सूत्रों के अनुसार, हम्डा ने शहर के लिए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान-2050 में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएँ प्रस्तावित की हैं। इनमें समर्पित बस लेन या बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम भी शामिल है। योजना के अनुसार, 2040 तक लगभग 29 किलोमीटर लंबे बीआरटीएस कॉरिडोर विकसित किए जा सकते हैं, जिन्हें 2050 तक बढ़ाकर 48 किलोमीटर तक किया जा सकता है। मास्टर प्लान तैयार करने के लिए आर्थिक विकास योजना, व्यापक गतिशीलता योजना और ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर योजना जैसे तीन प्रमुख अध्ययन किए गए हैं। यह योजना रीजनल रिंग रोड तक लगभग 10,500 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगी।

यह भी पढ़ें… दलित युवक की निर्मम हत्या के विरोध में निकला कैंडल मार्च

मेट्रो नेटवर्क 2050 तक 556 किमी तक बढ़ाने की योजना

योजना में हैदराबाद मेट्रो रेल नेटवर्क को बड़े पैमाने पर बढ़ाने का प्रस्ताव है। मेट्रो की लंबाई 2030 तक लगभग 258 किमी, 2040 तक 534 किमी और 2050 तक 556 किमी तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह एमएमटीएस नेटवर्क को 2050 तक 336 किमी तक बढ़ाने की योजना है। इसके अलावा शहर में 75 फ्लाईओवर या अंडरपास, 120 फुटओवर ब्रिज या स्काईवॉक, 34 रोड ओवर ब्रिज/अंडरब्रिज, 8 एलिवेटेड कॉरिडोर और 7 बस या ट्रक टर्मिनल बनाने का प्रस्ताव है। इन सभी परियोजनाओं के लिए लगभग 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि अविभाजित आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायुडू ने हिमायतनगर से उप्पल तक बीआरटीएस की योजना बनाई थी, जो चर्चा के दौरान ही रद्दी की टोकरी का शिकार हो गयी। मेट्रो रेल के प्रथम चरण के निर्माण के बाद उस पर न जनप्रतिनिधि सरकार ने कभी चर्चा की और न ही नीति नियंता प्रशासनिक अधिकारियों को कभी ख़्याल आया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button