जनसमस्याओं पर सीएम को खुला पत्र लिखा रामचंदर राव ने

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को राज्य के किसानों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, बेरोजगार युवाओं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, आसरा पेंशनधारकों, वृद्धों आदि की समस्याओं से अवगत कराते हुए तुरंत ही सभी की समस्याओं को दूर करने की मांग की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री को लिखे दो पन्नों के पत्र में कहा कि मुख्य विपक्षी नेता के. चंद्रशेखर राव जनता की समस्याओं पर बोलने की जिम्मेदारी भूल चुके हैं इसलिए भाजपा जमीनी हकीकत से सरकार को अवगत करा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में नागरिक प्रशासन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य व चिकित्सा विभाग, कृषि व सिंचाई विभाग घोर विफल हो चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री को ग्राउन्ड रियालटी का पता तक नहीं है।

अब इसे सरकार की इंटेलिजेंस की विफलता बताया जाए या अन्य कारण लेकिन सरकार जनसमस्याओं के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आए ढाई साल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री का अब एसी कमरों से बाहर निकलने का समय निकट है। वे बाहर निकलें, ग्राउन्ड रियल्टी का पता करें और जनसमस्याओं का तुरंत समाधान करें। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार ने रैतु भरोसा की राशि 15 हजार रुपये देने का चुनाव के पहले वादा किया था लेकिन उसे केवल 12 हजार रुपये तक सीमित कर दिया गया। वह भी समय पर नहीं दी जा रही है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों के 12 हजार करोड़ रुपये रिटायरमेंट लंबित

फसल पर निवेश का पैसा नहीं मिलने के कारण किसान कर्जदार हो चुका है, जिससे वह आत्महत्याएं करने मजबूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि नवंबर व दिसंबर तक भी यासंगी मौसम का पैसा किसान को नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि दशकों तक सरकारी नौकरियों में रहकर सेवा देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रिटायरमेंट बेनिफिट के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अब तक रिटायरमेंट बेनिफिट के करीब 12 हजार करोड़ रुपये लंबित हैं।

रामचंदर राव ने ख्ममम में मैसय्या तथा कोत्तागुड़ेम में मोइनुद्दीन नामक सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि पैसा नहीं होने के कारण इलाज के अभाव में अब तक करीब 60 से 70 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने प्राण गंवा दिए हैं, जो चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हेल्थ कार्ड तक काम नहीं कर रहे हैं, जिससे कैशलेस ट्रीटमेंट मुश्किल हो रहा है। उन्होंने जेडचरला स्थित सरकारी अस्पताल में शवगृह में कुत्तों द्वारा शवों को नोच खाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दर्दनाक व अमानवीय घटना सरकारी अस्पतालों में चरमरा चुकी स्वास्थ्य व चिकित्सा विभाग की लापरवाही को दर्शा रही है कि कैसे प्रशासन ठप्प हो चुका है।

यह भी पढ़ें… एडब्ल्यूपीओ के रोजगार मेले में वीर नारियों की नियुक्तियाँ

शहरी इलाकों में सुरक्षा की कमी से जनता में डर का माहौल

रामचंदर राव ने कहा कि शहरी इलाकों में तो जनता को बाहर तक निकलने को डर लगने लगा है। मच्छरों, कुत्तों, बंदरों, सूअरों का डर है। न जाने कौन कब हमला कर दे लेकिन संबंधित विभाग लापरवाह हैं। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज व्यवस्था सही नहीं होने के कारण संक्रामक रोग फैलने का खतरा पैदा हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में अध्यापक चिंता में हैं क्योंकि विद्या कमीशन की रिपोर्ट की आड़ लेकर सरकार ने अध्यापकों के वेतन घटाने की बात कही है।

रामचंदर राव ने कहा कि कांग्रेस ने वृद्ध, अकेली महिलाओं, दिव्यांगों से किए वादे सभी को भुला दिये हैं वहीं महिलाओं को पेंशन 2016 रुपये से बढाकर प्रतिमाह 4,016 रुपये तथा दिव्यांगों को पेंशन प्रति माह 6,016 रुपये करने का वादा किया गया था, परंतु ढाई वर्ष गुजर चुके हैं। अब तक एक भी वादे को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने अन्य समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से तुरंत ही समस्याओं का परिष्कार करने की माँग की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button