बकेट हैट : युवाओं की नई हॉट एक्सेसरीज

मार्च की हल्की धूप, कॉलेज कैंपस की चहल-पहल और इंस्टाग्राम रील्स की चमक। इन सबके बीच एक एक्सेसरीज तेजी से उभरी है, नाम है- बकेट हैट। जी हां, वही जो कभी मछुआरों और आउटडोर वर्कर्स की उपयोगी टोपी मानी जाती थी। यह इन दिनों युवाओं का स्टाइल स्टेटमेंट बन चुका है। क्योंकि यह हैट नये रंग, नये प्रिंट और युवाओं के लिए एक नया आत्मविश्वास लेकर आया है।

स्ट्रीट वियर की विरासत

युवाओं के बीच हाल के सालों में स्ट्रीट वियर फैशन की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। ओवर साइज्ड टी-शर्ट, कार्गो पैंट, स्नीकर्स और स्लिम बैग के साथ बकेट हैट एक संतुलित और कूल लुक देता है। यह सिर्फ धूप से बचाव भर नहीं करता बल्कि इस बात की घोषणा भी करता है कि मैं अलग हूं। खासकर पेस्टल कलर, डाई प्रिंट, ग्राफिक पैटर्न और ब्रांडेड लोगो वाले बकेट हैट, कॉलेज कैंपस और म्यूजिक फेस्टिवल में अपना अलग ही जलवा बिखरते हैं।

सेलिब्रिटीज का औरा

इंस्टाग्राम, पिंटरेस्ट और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर फैशन इंलूएंसर्स ने बकेट हैट को नया जीवनदान दिया है। एयरपोर्ट लुक से लेकर बीच वेकेशन तक कई युवा और सेलिब्रिटी इसमें डूबे नजर आते हैं। आमतौर पर जब कोई सेलिब्रिटी साधारण टी-शर्ट और जींस के साथ बकेट हैट पहनता है तो अकसर उसका वह लुक वायरल हो जाता है। इससे यह एक्सेसरीज एवरी डे स्टाइल का हिस्सा बन गया है।

साथ ही इसमें एक खास बात यह है कि यह जेंडर-न्यूट्रल अपील की तरह है। बकेट हैट की सबसे बड़ी ताकत इसका यही यूनीक करेक्टर है। लड़कियां और लड़के दोनों ही इसे बराबर के आत्मविश्वास से पहनते हैं। लड़कियां इसे क्रॉप टॉप और स्कर्ट के साथ, लड़के इसे ओवर साइज्ड शर्ट और शॉट्स के साथ। यह समावेशी फैशन की मिसाल है, जहां कोई कठोर जेंडर सीमा नहीं है।

ज्यादातर मौसम में परफेक्ट

फरवरी के खत्म होते ही और मार्च के पहले सप्ताह में भारत में धूप थोड़ा-थोड़ा अपना एहसास कराने लगती है, तब बकेट हैट का चौड़ा किनारा चेहरे और आंखों को सीधी धूप से बचाता है। कॉटन और डेनिम फैब्रिक का यह हैट हल्की-हल्की सांस लेने वाला होता है, जिससे गर्मी में आराम रहता है। यही कारण है कि स्टाइल और कंफर्ट का यह बेहतरीन मिसाल बन गया, लेकिन बात सिर्फ इतनी नहीं है।

इसकी फिर से मौजूदगी दरअसल 90 के दशक की वापसी की निशानी है। लो वेस्ट जींस, चोकर और अब बकेट हैट। निसंदेह यह नॉस्टेलेजिया युवाओं को पुरानी यादों के साथ जोड़ता है। रेट्रो स्टाइल यह मिक्सर पुराना लेकिन नए आकर्षण का उत्साह भी पैदा करता है।

मिनिमल से स्टेटमेंट

बकेट हैट में कई खूबियां हैं। यह दो चरमों के बीच संतुलन बनाता है। एक तरफ यह एक ही रंग का यानी सादा या कहें मिनिमल लुक देता है, तो दूसरी तरफ ये चमकीले प्रिंट या नामी लोगो के साथ बोल्ड स्टेटमेंट बन जाता है। वास्तव में यही लचीलापन इसे हर तरह के फैशन में प्रयोग के लिए जगह बना देता है। सिर्फ फरवरी-मार्च में ही नहीं, मई या अगस्त-सितंबर के कॉलेज फेस्ट में भी यह अपनी जगह जबर्दस्त तरीके से हासिल करता है। आउटडोर इवेंट और ट्रैवेल प्लान में तो यह हर तरह से खास दिखता है।

एक तरफ इसमें धूप, धूल आदि से व्यवहारिक बचाव हैं, तो दूसरी तरफ स्टाइल का जलवा भी है। इसलिए बकेट हैट सिर्फ सिर ढकने का साधन नहीं है, यह एक युवा विचार है, विश्वास और व्यक्तित्व का प्रतीक है। बकेट हैट का युवाओं से यह रिश्ता यह संकेत देता है कि यह ट्रेंड को सिर्फ फालो नहीं करता, उसको अपनी शैली में भी ढालता है। शायद यही कारण है कि 2026 की शुरुआत में बकेट हैट एक बार फिर से फैशन की छतरी बनकर युवाओं के सिर पर चमक रहा है।

साल 2026 की हार्ट एक्सरीज में शामिल है बकेट हैट क्योंकि

  • स्ट्रीट वियर फैशन इसके जरिये अपने उभार को पूर्णता हासिल करता है। क्योंकि यह कैजुअल है, रिलैक्स है और युवा फैशन में ट्रेंड में भी है।
  • रील्स और फैशन ब्लॉग ने इसे खास तौरपर वायरल किया है और इसे सोशल मीडिया इम्पैक्ट का कारोबार बना दिया है।
  • इसका जेंडर न्यूट्रल डिजाइन इसे सभी के लिए उपयुक्त बनाता है।
  • यह धूप से बचाता है और स्टाइल बनाने में भी मददगार है।
  • इस सबके साथ ये किफायती भी है और 300 से लेकर 1500 रुपये के रेंज में उपलब्ध है।

-प्रतिमा अरोड़ा

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button