बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे
कोलकाता, कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशाल रैली से पहले, पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से हजारों भाजपा समर्थक शनिवार सुबह से ही राज्य की राजधानी में पहुंचने लगे। मोदी दोपहर में राज्य का दौरा करने वाले हैं, जहां वे एक रैली को संबोधित करेंगे और लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 28 फरवरी को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद की मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद यह राज्य की उनकी पहली यात्रा होगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित यह रैली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ अभियान के समापन का प्रतीक होगी। उत्तर और दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही शहर पहुंचने लगे, जिनमें से बड़ी संख्या में लोग हावड़ा रेलवे स्टेशन और सियालदह रेलवे स्टेशन पर पहुंचे।
रैली स्थल पर 40,000 से 42,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था
बर्दवान, मालदा, हुगली और उत्तरी बंगाल के कई जिलों सहित विभिन्न जिलों से आने वाली ट्रेनों में पार्टी समर्थकों के बड़े दल आए, जिनका रेलवे स्टेशन के निकास द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। पार्टी ने कार्यकर्ताओं के लिए शाकाहारी नाश्ते की व्यवस्था की है। समर्थकों के एमजी रोड और सीआर एवेन्यू होते हुए मैदान क्षेत्र की ओर मार्च करने की संभावना है।
पूर्वी मेदिनीपुर, हुगली, दक्षिण 24 परगना और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में निजी बसें भी भाजपा समर्थकों को लेकर कोलकाता में प्रवेश करने वाली हैं। रैली स्थल पर 40,000 से 42,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। ब्रिगेड परेड मैदान में पार्टी के लगभग 10,000 झंडे, 500 फ्लेक्स बैनर और 50 बड़े कटआउट लगाए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, इसके अलावा गुब्बारे छोड़े जाएंगे, जिनमें से कुछ पर कमल के प्रतीक के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीर होगी।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल के चारों ओर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाकर लगभग 3,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य स्थल पर सुरक्षा की जिम्मेदारी विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) के पास है, जबकि विशेष इकाइयां भीड़ पर नजर रखेंगी। इसी बीच, शहर में कई स्थानों पर ‘भाजपा का बहिष्कार करो’ और ‘मोदी वापस जाओ’ जैसे नारों वाले कुछ बिलबोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं। (भाषा)
यह भी पढ़े– करियर के पीक पर शादी करने जा रही हैं रश्मिका मंदाना
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



