हरीश राव ने बजट को बताया बोगस
हैदराबाद, विधानसभा में उप मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री भट्टी विक्रमार्का द्वारा पेश बजट को मुख्य विपक्षी भारास विधायक दल के उप नेता टी. हरीश राव ने भट्टी का बड़ा झूठा व बोगस बजट बताया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस धोखेबाज बजट ने हर वर्ग को निराश किया है। आँकड़ों के खेल के सिवाए इसका कोई औचित्य नहीं है।
विधानसभा परिसर स्थित मीडिया प्वाइंट पर हरीश राव ने कहा कि पूर्व केसीआर सरकार की शुरू की गई रैतु बंधु योजना के तहत तीन फसलों की राशि तक नहीं देने वाली कांग्रेस सरकार के बजट में किसानों के कर्ज माफी का उल्लेख तक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गत वर्ष यासंगी में बारीक चावल के धान पर 1 हजार करोड़ रुपये उड़ा दिए। अब बेशर्मी से 2 फसलों पर बोनस दिए जाने की बात सरकार कह रही है, जबकि सरकार ने वर्षाकाल में बोनस दिया और यासंगी में बोनस उड़ा दिया। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि सरकार साबित करे कि उसने 2 फसलों पर बोनस दिया है।
यह भी पढ़ें… शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन लाना सरकार का लक्ष्य : भट्टी विक्रमार्का
हरीश राव ने कांग्रेस से बोनस प्रमाणित करने की चुनौती दी
यदि नहीं कर पाई, तो इस्तीफा दे। सरकार ने यदि इसे साबित कर दिया, तो वह (हरीश राव) पद से त्याग-पत्र दे देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की हैद्रा जैसी मूर्खता के कारण ही राज्य का विकास ठहर गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व बीआरएस के शासन में जीएसडीपी 12.5 प्रतिशत थी, जबकि कांग्रेस के शासन में घटकर यह 10.7 प्रतिशत रह गई है। यह कांग्रेस की प्रशासनिक विफलता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के तीन साल पूरे होने से पहले ही मुख्यमंत्री ने राज्य पर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज लाद दिया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री भट्टी विक्रमार्का का दलबदलू विधायकों को पड़ोस में बैठाकर भारत रत्न अंबेडकर की सूक्तियाँ पढ़ना शर्मनाक है। उन्होंने प्रश्न किया कि राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) को 9,222 करोड़ रुपये यदि सरकार ने दे दिए हैं, तो क्यों आरटीसी ने 3 हजार करोड़ रुपये कर्ज किया है? उन्होंने कहा कि महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत सरकार ने आरटीसी को 2,800 करोड़ रुपये बकाया तक अदा नहीं किए। उन्होंने कहा कि आरटीसी कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी के तौर पर अभी तक घोषित नहीं किया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





