आईसीसी सीईओ : क्रिकेट निश्चित तौर पर हो रहा है वैश्विक
नयी दिल्ली, हाल ही में टी20 विश्व कप में एसोसिएट देशों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने उनके विकास को क्रिकेट के परिपक्व वैश्विक खेल बनने का संकेत बताया और कहा कि भारत मुख्य बाजार है लेकिन क्रिकेट निश्चित तौर पर वैश्विक होता जा रहा है । भारत ने 20 टीमों की भागीदारी वाला टी20 विश्व कप जीता लेकिन पहली बार टूर्नामेंट खेल रही इटली, अमेरिका, नेपाल और जिम्बाब्वे जैसी टीमों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया ।
गुप्ता ने ‘डब्ल्यूपीपी मीडिया स्पोर्टिंग नेशन 13वें संस्करण’ में एक कॉलम में लिखा ,‘‘भारत विश्व क्रिकेट का मुख्य बाजार है । इसके प्रशंसकों की संख्या , वित्तीय मजबूती और खेल के प्रति समय समय पर परखे गए लगाव से एक ऐसा मंच मिलता है, जिससे पूरे इकोसिस्टम को फायदा होता है। आईसीसी टूर्नामेंटों में हालांकि यह देखने को मिला है कि जहाज एक गंतव्य से बहुत आगे निकल चुका है ।’’
एसोसिएट देशों और भारत की जीत से क्रिकेट का वैश्विक विकास
संजोग गुप्ता ने लिखा ,‘‘ आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप 2026 में एसोसिएट देशों जैसे नेपाल, इटली और अमेरिका ने निडर क्रिकेट खेलकर दुनिया भर का ध्यान खींचा है ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ इसी के साथ श्रीलंका और जिम्बाब्वे जैसे पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों ने सुपर आठ में पहुंचकर अपनी उस काबिलियत को साबित किया जिसे अक्सर नजरंदाज किया जाता है । ये पल मैदान पर उलटफेर से काफी अधिक हैं । ये परिपक्व वैश्विक खेल के संकेत हैं ।’’
यह भी पढ़े : सही दिशा में आगे बढ़ रही है पंजाब किंग्स की टीम: इरफान पठान
संजोग गुप्ता ने कहा कि महिला वनडे विश्व कप में भारत की खिताबी जीत से महिला क्रिकेट का विकास भी तेजी से होने की उम्मीद है क्योंकि इसने एक प्रभावी बाजार को पूरी तरह से खोल दिया है । (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



