हैदराबाद में 5 दिन गरज-चमक के साथ बारिश, IMD का ऑरेंज तथा येलो अलर्ट

हैदराबाद, हैदराबाद में मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। India Meteorological Department (IMD) हैदराबाद ने पूरे तेलंगाना के लिए ऑरेंज तथा येलो अलर्ट घोषित किया है। गुरुवार 26 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि इसके बाद के चार दिनों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि आज तेलंगाना के सभी जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि (हेलस्टॉर्म) भी हो सकती है, जिससे फसलों और जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में तापमान में बढ़ोतरी भी देखने को मिलेगी। उत्तर और पूर्व तेलंगाना के जिलों जैसे आदिलाबाद, निजामाबाद, जगित्याल और खम्मम में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, अधिक गर्मी के कारण शाम और रात के समय कुछ इलाकों में छिटपुट आंधी-तूफान और बारिश की संभावना भी जताई गई है।
तेज हवाएं बदल सकती हैं मौसम
IMD ने यह भी कहा है कि 28 मार्च तक हैदराबाद में शाम या रात के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। इस बीच, तेलंगाना विकास योजना सोसायटी के अनुसार, बुधवार, 25 मार्च को शहर का तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



