भारतीय स्कीट निशानेबाजों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा
टैंगियेर (मोरक्को), भारत के स्कीट निशानेबाजों को शुक्रवार से यहाँ शुरू होने वाले सत्र के पहले आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप के शुरुआती दिन कई मंझे हुए खिलाड़ियों का सामना करना पड़ेगा, जिससे उनके लिए पदक हासिल करना आसान नहीं होगा। इस प्रतियोगिता में कई चोटी के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन की शुरुआत पुरुष और महिला दोनों वर्ग में 75 निशानों के साथ होगी।
बाकी 50 निशाने और फाइनल रविवार को होगा। भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में अधिकतम छह खिलाड़ियों को रखने का कोटा पूरा किया है। इसके साथ ही पुरुष और महिला दोनों वर्गों में दो-दो ऐसे निशानेबाज भी शामिल हैं, जो केवल रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
यह भी पढ़े : शाकिब को लंबा मौका देना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख
महिला वर्ग में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें चिली की मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन फ्रांसिस्का क्रोवेटो चादिद और अमेरिका की विश्व चैम्पियन सामंथा सिमोंटन भी शामिल हैं। इटली की दो बार की ओलंपिक और विश्व चैम्पियन डायना बाकोसी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। उनके अलावा अमेरिका की पूर्व विश्व चैम्पियन दानिया जो विज्जी और कजाकिस्तान की विश्व चैम्पियनशिप की पदक विजेता असीम ओरिनबे प्रतिस्पर्धा को कड़ा बना देती हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



