श्रीराम नवमी शोभायात्रा आज, 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात

हैदराबाद, श्रीराम नवमी पर नगर में निकलने वाली भव्य शोभायात्राओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाते हुए 3,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल के साथ आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।
नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार स्वयं कमांड कंट्रोल सेंटर से पूरे नगर की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेंगे, जिससे किसी भी स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। श्रीराम युवा सेना की ओर विधायक टी. राजा सिंह के नेतृत्व में आकाशपुरी हनुमान मंदिर से शोभायात्रा निकलेगी। इसके अलावा श्रीराम य्नवमी उत्सव समिति द्वारा सीतारामबाग से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा से पूर्व मंदिर में कल्याण उत्सव का आयोजन होगा। इसमें राज्यपाल शिवप्रसाद शुक्ला तथा उज्जैन से आये स्वामी रामस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज एवं अद्वानंतगिरी महाराज भाग लेंगे।
अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील
इन यात्राओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। शोभायात्रा के मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विशेष रूप से भोईगुड़ा कमान, धूलपेट, पुरानापुल, जुमेरात बाजार, बेगम बाजार, सिद्दिअंबर और गौलीगुड़ा जैसे क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा नगर के अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पुलिस की विभिन्न विंग ट्रैफिक, लॉ एंड ऑर्डर, टास्क फोर्स और इंटेलिजेंस समन्वय के साथ काम कर रही हैं। बताया गया कि पुलिस शोभायात्रा के दौरान बयानों पर विशेष नजर बनाए हुए है। किसी भी भड़काऊ या विवादित बयान पर कार्रवाई की तैयारी है। उधर पुलिस ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति और भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
यातायात व्यवस्था में फेरबदल
श्रीराम नवमी के पर शुक्रवार, 27 मार्च को आयोजित होने वाली शोभायात्रा के चलते सुबह 9 से रात 9 बजे तक यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया जा रहा है। संयुक्त यातायात पुलिस आयुक्त डी. जोयल डेविस ने बताया कि शोभायात्रा सीतारामबाग मंदिर से हनुमान व्यायाम शाला स्कूल, सुल्तान बाजार के बीच आयोजित की जा रही है। जुलूस मार्ग से संबंधित भोईगुड़ा कमान, मंगलहाट, जाली हनुमान, धूलपेट, पुरानापुल, गांधी पुतला, जुमेरात बाजार, चूड़ी बाजार, बेगम बाजार, छतरी, बर्तन बाजार, सिद्दिअम्बर बाजार मस्जिद, शंकर शेर होटल, गौलीगुड़ा चमन, राम मंदिर कमान, पुतली बावली चौराहा, आंध्रा बैंक चौराहा, डीएमएचएस चौराहा, सुल्तान बाजार चौराहा, रॉयल प्लाजा टी जंक्शन के पास यातायात व्यवस्था में फेरबदल रहेगा।
फेरबदल के चलते शोभायात्रा के सीतारामबाग मंदिर से प्रारंभ होने के दौरान आसिफनगर से भोईगुड़ा कमान जाने वाले वाहनों को मल्लापल्ली चौराहे से विजयनगर कॉलोनी, नामपल्ली, मेहदीपटनम की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के फ्रेंड्स कैफे तक पहुँचने पर आगापुरा और भोईगुड़ा कमान से सीताराम बाग जाने वाले वाहनों को भोईगुड़ा कमान से आगापुरा और हबीबनगर की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के भोईगुड़ा कमान पहुँचने पर दारुसलाम से सीतारामबाग जाने वाले वाहनीय यातायात को आगापुरा चौराहे से घोड़े की कब्र या न्यू आगापुरा से चारकंदील चौराहा और नामपल्ली की ओर भेजा जाएगा।
पुरानापुल व गांधी प्रतिमा मार्गों पर रूट में बदलाव
शोभायात्रा के भोईगुड़ा कमान के दाएँ मुड़ने पर गांधी प्रतिमा से मंगलहाट की ओर जाने वाले वाहनों को घोड़े की कब्र से टकेरवाड़ी जंक्शन या न्यू आगापुरा से चारकंदील चौराहा से नामपल्ली भेजा जाएगा। शोभायात्रा के जाली हनुमान पहुँचने पर पुरानापुल और जुमेरात बाजार से मंगलहाट जाने वाले वाहनों को गांधी पुतले से मोड़कर टकेरवाड़ी जंक्शन से वाया घोड़े की कब्र/पुरानापुल भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के रहीमपुरा पहुँचने पर पुरानापुल से गांधी प्रतिमा जाने वाले वाहनों को पुरानापुल चौराहे से पुरानापुल दरवाजा, कारवान, कुलसुमपुरा और 100 फीट रोड से भेजा जाएगा। शोभायात्रा के गांधी प्रतिमा तक पहुँचने पर एमजे ब्रिज से टकेरवाड़ी जंक्शन जाने वाले वाहनों को इसी जंक्शन से आगापुरा और घोड़े की कब्र भेजा जाएगा।
अफजलगंज, सिद्दिअम्बर बाजार में रूट बदलकर वाहनों की आवाजाही
शोभायात्रा के टकेरवाड़ी जंक्शन पहुँचने पर बेगम बाजार छतरी से आने वाले वाहनों को रानी अवंती बाई प्रतिमा से एमजे ब्रिज की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के बेगम बाजार छतरी पहुँचने पर मालाकुंटा से एमजे ब्रिज जाने वाले वाहनों को अलास्का टी जंक्शन से दारुसलाम वाया मालाकुंटा भेजा जाएगा। रंगाराचारी लेन और अफजलगंज से बेगम बाजार जाने वाले वाहनों को सिद्दिअम्बर बाजार श्रीकृष्णा ज्वेलर्स के पास से सिद्दिअम्बर बाजार और एमजे मार्केट की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के बर्तन बाजार पहुँचने पर अफजलगंज की गलियों से सिद्दिअम्बर बाजार जाने वाले वाहनों को सिद्दिअम्बर बाजार से यू-टर्न देकर अफजलगंज और सालारजंग ब्रिज की ओर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के सिद्दिअम्बर बाजार पहुँचने पर अजंता गेट और जामबाग से सिद्दिअम्बर बाजार जाने वाले वाहनों को अफजलगंज टी-जंक्शन से वाया सेंट्रल लाइब्रेरी से शिवाजी ब्रिज की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के एम.जे. मार्केट पहुँचने पर नामपल्ली और आबिड्स से सिद्दिअम्बर बाजार जाने वाले वाहनों को एम.जे. मार्केट पर मोड़कर जामबाग, पुतली बावली और रंगमहल की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के जीपीओ, आबिड्स पहुँचने पर आबिड्स से एमजे मार्केट जाने वाले वाहनों को बैंक स्ट्रीट और आंध्रा बैंक की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा का शंकर शेर होटल पहुँचने पर रंगमहल से गौलीगुड़ा चमन की ओर जाने वाले वाहनों को पुतली बावली चौराहे से जामबाग और एमजे मार्केट भेजा जाएगा।
चादरघाट व सुल्तान बाजार में वैकल्पिक रूट तय
शोभायात्रा के राम मंदिर कमान पहुँचने पर जीपीओ आबिड्स से पुतली बावली चौराहे जाने वाले वाहनों को आंध्रा बैंक चौराहे से मोड़कर डीएमएचएस चौराहा की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार आबिड्स की ओर से बैंक स्ट्रीट जाने वाले वाहनों को जीपीओ से मोड़कर एमजे मार्केट की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के पुतली बावली पहुँचने पर एमजे मार्केट से तुरुप बाजार जाने वाले वाहनों को यूसूफ एण्ड कंपनी से मोड़कर जीपीओ की ओर भेजा जाएगा।
यह भी पढ़े: बिहार : रात्रि गश्त पर तैनात पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, मौत
शोभायात्रा के आंध्रा बैंक चौराहा पहुँचने पर चादरघाट चौराहे से डीएमएचएस चौराहा जाने वाले वाहनों को चादरघाट चौराहे से मोड़कर निम्बोली अड्डा, काचीगुड़ा चौराहे की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के सुल्तान बाजार पहुँचने बाटा रोड-किंगकोठी चौराहा-रामकोट चौराहा से प्रगति टिफिन सेंटर की ओर जाने वाले वाहनों को बोगुलकुंटा चौराहे से मोड़कर आगे भेजा जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



