बीबीसीआईटी में 33वाँ वार्षिक समारोह आयोजित
हैदराबाद, बंकटलाल बद्रुका कॉलेज फॉर इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (बीबीसीआईटी) में गुरुवार को 33वाँ वार्षिक दिवस समारोह आयोजित किया गया। अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उद्यमी एवं टीसीईआई की पूर्व अध्यक्ष राखी कांकरिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें स्वयं की उन्नति तथा जीवन को बेहतर बनाने में निवेश करना चाहिए।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राखी कांकरिया ने कहा कि हमारी संस्कृति वैदिक मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के माध्यम से हम समाज में सार्थक परिवर्तन ला सकते हैं। कारण है कि हर एक छोटा प्रयास भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने छात्रों को अपनी क्षमताओं को निखारने, निरंतर सीखने तथा प्रतिबद्धता के साथ नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डेलॉइट के असिस्टेंट मैनेजर एवं टैलेंट बिजनेस एडवाइजर शिवनाथ रेड्डी थे। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर कुछ नया सीखने, जीवन के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण रखने और शिक्षा को सफलता के सशक्त माध्यम के रूप में उपयोग करने का आह्वान किया। डॉ. टी. हनुमान चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारत के धर्म एवं गौरवशाली संस्कृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से सदैव सर्वश्रेष्ठ करने का लक्ष्य रखने का आह्वान करते हुए डॉ. वी. लक्ष्मीकांतम की व्हाट इंडिया शुड नो तथा नरेंद्र लूथर की पुस्तक हैदराबाद-ए-बायोग्राफी को पढ़ने का सुझाव दिया।

‘एसेंट’ पत्रिका का विमोचन, विजेताओं को पुरस्कार
संस्थान के निदेशक डी.वी.एन. एस. मूर्ति ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियों, प्लेसमेंट तथा पाठ्येतर गतिविधियों आदि का विवरण साझा किया। महानिदेशक प्रो. अभिराम कृष्ण ने छात्रों से बड़े सपने देखने और संस्थान की गौरवशाली विरासत को बनाए रखने की बात कही। उन्होंने अरस्तू के प्रसिद्ध कथन को उद्धृत करते हुए कहा कि उत्कृष्टता कभी संयोग से प्राप्त नहीं होती, वरन यह उच्च संकल्प, निष्ठापूर्ण प्रयास और बुद्धिमानी पूर्ण क्रियान्वयन का प्रतिफल होती है।
यह भी पढे़: महिला दिवस पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अनुपमा पांडे के संयोजन में आयोजित हुए समारोह के दौरान कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘एसेंट’ का विमोचन किया गया। अवसर पर शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण तथा रजत पदक सहित प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



