पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी को बर्खास्त करने की माँग
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति ने मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी पर भ्रष्टाचार और अवैध खनन का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी राज्यपाल के पास औपचारिक शिकायत लेकर जाएगी और जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को बड़े पैमाने पर जनता के बीच ले जाएगी।
विधानसभा से पार्टी सदस्यों के निलंबन के बाद मीडिया को जारी अपने बयान में केटीआर ने मंत्री पोंगुलेटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री के परिवार से जुड़ी कंपनी द्वारा नियमों का उल्लंघन कर अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप लगा है। अवैध खनन में शामिल अन्य कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, लेकिन राघव कंस्ट्रक्शंस के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। केटीआर ने कहा कि मंत्री की पत्नी, पुत्र और भाई सीधे तौर पर कंपनी से जुड़े हैं और स्वयं मंत्री 2020 से 2022 के बीच इसके चेयरमैन रहे हैं।
यह भी पढ़ें… आंगनवाड़ी में 15 हजार पदों पर नियुक्ति शीघ्र : सीतक्का
राघव कंस्ट्रक्शंस के बचाव से सरकार की संलिप्तता उजागर
केटीआर ने मुख्यमंत्री पर विरोधाभासी और भ्रामक बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राघव कंस्ट्रक्शंस का बचाव करना उनकी संलिप्तता को दर्शाता है। पिछले ढाई वर्षों में जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ, बल्कि सरकार मामले, कमीशन और बदले की राजनीति में लगी है। उन्होंने मंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच के लिए हाउस कमेटी बनाने की मांग की। उन्होंने भाजपा की भी आलोचना करते हुए कहा कि वह जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं निभा रही है और विधानसभा में सरकार का समर्थन करती दिख रही है।
हैदराबाद मेट्रो रेल मुद्दे पर केटीआर ने मुख्यमंत्री पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 22,000 करोड़ की संपत्ति को 15,000 करोड़ में खरीदने का दावा भ्रामक है। 280 एकड़ भूमि केवल लीज पर दी गई थी, हस्तांतरित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि समझौते के अनुसार निजी कंपनी को भूमि विकसित कर सरकार को लौटानी थी, लेकिन वर्तमान कदम से निजी कंपनी का कर्ज जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के पीठासीन न्यायाधीश से कराने की मांग की।
इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश राव ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी की कंपनी द्वारा किए गए भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो गया है। सरकार के पास जवाब नहीं होने के कारण ध्यान भटकाने वाली राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोंगुलेटी के मंत्री पद पर रहते हुए जांच निष्पक्ष रूप से नहीं हो सकती है, इसलिए उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



