सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को दे रही बढ़ावा : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद में गच्ची बावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को 700 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आज रवींद्र भारती में संपन्न विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
अवसर पर उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कुछ विद्यार्थी नशीले पदार्थों की तरफ जा रहे हैं, जिससे अभिभावकों को बहुत दुःख हो रहा है। विश्वविद्यालयों में भी कुछ विद्यार्थी ड्रग्स के आदी हो रहे है। युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों से बचाना होगा। विद्यार्थियों को बुरी आदतों से बचाने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यह बात जाननी चाहिए कि प्रतिभावान खिलाड़ियों का भविष्य बेहतर होता है।
यह भी पढ़ें… सीएम ने रखी आधुनिक गौशाला की आधारशिला
राज्य सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को दे रही है प्रोत्साहन
राज्य सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलताओं से राज्य व देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से नकद पुरस्कार, घर व सरकारी नौकरी से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने बॉक्सर निकहत जरीन, क्रिकेटर सिराजुद्दीन आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें डीएसपी पद दिया गया। उन्होंने कहा कि खेलों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन देने के लिए विशेष खेल नीति लायी गयी।
सरकार ने राजनीति से ऊपर उठकर विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के लिए खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया, परंतु विधानसभा व विधान परिषद के कुछ सदस्यों ने कार्यक्रम को भी राजनीतिक रंग देकर इसका बहिष्कार किया। उन्हें कम से कम अगले साल इसमें हिस्सा लेना ही चाहिए।
सीएम रेवंत रेड्डी, डिप्टी सीएम भट्टी विक्रमार्का और विधान परिषद अध्यक्ष गुत्ता सुखेंदर रेड्डी ने खेलों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभा दिखाने वाले विधायकों व विधान परिषद सदस्यों में पुरस्कारों का वितरण किया। गुत्ता सुखेंदर रेड्डी ने फुटबॉल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सीएम रेवंत रेड्डी को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



