श्रीकृष्णा नगर जैन संघ ने मनायी महावीर जयंती
हैदराबाद, श्रीकृष्णा नगर जैन संघ में 2625वाँ भगवान महावीर स्वामी जन्मकल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। यहाँ संघ के पंकज गांधी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि भगवान महावीर स्वामी जन्मकल्याणक को संघ में त्रि – दिवसीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया गया। प्रथम दिवस सामायिक एवं नवकार जाप के रूप में मनाया गया। तत्पश्चात अल्पाहार का आयोजन रखा गया जिसके लाभार्थी प्रभा महिला मंडल रहे।
द्वितीय दिवस अन्नदान का आयोजन रखा गया जिसका लाभ जीवराज पारसमल राजमल चाणोदिया परिवार ने लिया। तृतीय दिवस परमात्मा का जन्म कल्याणक दिवस जैन मंदिर में प्रभु का विशिष्ट द्रव्यों द्वारा अभिषेक कर मनाया गया। इसके बाद परमात्मा का वरघोड़ा जैन मंदिर से निकाला गया, जो कृष्णा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए सायरी बाई पुखराज जैन स्थानक भवन पहुंच कर धर्मसभा में परिवर्तित हुआ। वरघोड़ा में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रावक – श्राविकाओं ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें… भगवान महावीर के सिद्धांत अपनाए विश्व : रामचन्दर राव
मंदिर व स्थानक के लिए सहयोग का आश्वासन दिया गया
अवसर पर मुख्य अतिथि जुबली हिल्स एमएलए नवीन यादव एवं विशिष्ट अतिथि श्रीशैलम यादव उपस्थित थे। उन्होंने भगवान महावीर के अहिंसा के संदेश को अपनाने की सभी से अपील की। साथ ही मंदिर एवं स्थानक के लिए किसी भी प्रकार का सहयोग प्रदान करने का आश्वासन श्री संघ को दिया। अतिथियों का समिति के सदस्यों द्वारा साफा, शॉल एवं माला द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मंदिर एवं स्थानक के सभी ट्रस्टी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
श्री संघ स्वामीवात्सल्य का आयोजन भी किया गया जिसके संपूर्ण लाभार्थी रमेशकुमार विकासकुमार हितेश पुनीत सिंगेरिया रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक समिति के राजमल चाणोदिया, राजेश झारमुथा, जवेरीलाल गुगलिया, जितेंद्र कासवा, विमल सहलोत, सुभाष कासवा, शांतिलाल देशरला, मनोज चौहान, विकास सिंगेरिया एवं पंकज गांधी का सहयोग रहा। कार्यक्रम के पश्चात समिति के राजमल चाणोदिया एवं राजेश झारमुथा ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



