घबराहट में बुकिंग न करें उपभोक्ता : इंडियन ऑयल
नई दिल्ली, देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद भारत में तरली कृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति स्थिर एवं पर्याप्त है और घरेलू उपलब्धता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
कंपनी बयान के अनुसार, वह प्रतिदिन करीब 28 लाख एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति कर रही है जो मौजूदा तनाव से पहले के सामान्य स्तर के अनुरूप है। घरों तक निर्बाध आपूर्ति जारी है।
आईओसी ने बताया कि करीब 87 प्रतिशत रीफिल बुकिंग डिजिटल माध्यमों से की जा रही हैं, जबकि सही उपभोक्ता तक सिलेंडर पहुँचाने के लिए एक बार इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड (ओटीपी) आधारित प्रणाली से वितरण की पुष्टि की जा रही है। कंपनी ने बयान में कहा, वैश्विक ऊर्जा बाजारों को प्रभावित करने वाले मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद भारत में एलपीजी की आपूर्ति स्थिर एवं पर्याप्त है और इस पर लगातार नजर रखी जा रही है। घरेलू एलपीजी आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
855 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 48,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए
इसमें कहा गया कि प्रतिदिन लगभग 28 लाख सिलेंडर की आपूर्ति मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव शुरू होने से पहले के सामान्य वितरण स्तर के अनुरूप है। उपभोक्ताओं को एसएमएस (संदेश) और इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (आईवीआरएस) जैसे डिजिटल माध्यमों से एलपीजी रीफिल बुक (सिलेंडर फिर भरवाने) करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। वर्तमान में लगभग 87 प्रतिशत बुकिंग डिजिटल मंचों के जरिए प्राप्त हो रही हैं। वितरण के दौरान यह सुनिश्चित करने के लिए कि सिलेंडर सही उपभोक्ता को मिले, डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड (डीएसी) ओटीपी के माध्यम से पुष्टि की जा रही है।
आईओसी ने कहा कि वह अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा की जा रही चिंताओं पर ध्यान दे रही है और उन्हें शीघ्र दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी बयान के अनुसार, सोशल मीडिया और उपभोक्ता शिकायतों के माध्यम से कुछ एलपीजी वितरकों द्वारा अनियमितताओं की जानकारी मिली है। काला बाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विभिन्न विभागों के कई दल एलपीजी वितरक केंद्रों पर अचानक निरीक्षण कर रहे हैं।
आईओसी के अनुसार अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 7,500 से अधिक निरीक्षण किए गए और 141 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनमें पाँच को निलंबित किया गया है। राज्य सरकारों और अन्य तेल विपणन कंपनियों के साथ मिलकर करीब 68,000 छापे भी डाले गए हैं। इस संबंध में 855 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 48,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए।(भाषा)
यह भी पढ़े– विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना शादी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



