केरल चुनावों के लिए माकपा ने भाजपा के साथ समझौता कर लिया है : प्रियंका गांधी
कन्नूर (केरल), कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले मोर्चे ने केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ समझौता कर लिया है।
प्रियंका गांधी ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) पर आरोप लगाया कि वह 10 साल से सत्ता में बने रहने के लिए अपनी विचारधारा, जवाबदेही और जिम्मेदारी से समझौता करता रहा है। वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा केरल में उत्तरी कन्नूर जिले के पेरावूर में विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत एक नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने दावा किया कि एलडीएफ ने भाजपा के साथ समझौता किया है, जो अल्पसंख्यकों, खासकर ईसाई समुदाय और उनकी नन को परेशान करती है।
यह भी पढे़: गाजा टिप्पणी पर बीजेपी का पलटवार, प्रियंका गांधी को कहा ‘महिला गजनी’
प्रियंका ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शबरिमला में हुई बड़ी चोरी के बावजूद उस पर एक भी शब्द नहीं कहा है और इसे उन्होंने इस कथित समझौते का सबूत बताया। उन्होंने कहा कि जो भी प्रधानमंत्री के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ सीबीआई, ईडी या आयकर विभाग के मामले दर्ज हो जाते हैं, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ ऐसा एक भी मामला नहीं है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एलडीएफ सरकार, उसके मंत्रियों और नेताओं में अहंकार की भावना आ गई है। प्रियंका ने आरोप लगाया है कि हर नेता में जनता के प्रति जो जिम्मेदारी और जवाबदेही होनी चाहिए, वह आज गायब है। सिर्फ विचारधारा ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी नहीं दिख रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



