बेगमपेट रनवे के नीचे अंडरपास को एएआई की मंजूरी
हैदराबाद, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने बेगमपेट हवाई अड्डे के रनवे के नीचे 600 मीटर लंबे, छह लेन अंडरपास निर्माण को मंजूरी दे दी। अधिकारियों को मानना है कि इस मंजूरी से प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की एक बड़ी बाधा दूर हो गई है।
बताया जाता है कि इस कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण में 42 एकड़ रक्षा भूमि और 13 एकड़ निजी भूमि शामिल है, जिस पर कार्य जारी है। हम्डा दो एलिवेटेड कॉरिडोर पैराडाइज जंक्शन से शामीरपेट और पैराडाइज जंक्शन से डेयरी फार्म रोड का निर्माण कर रहा है, जिसमें बेगमपेट हवाई अड्डे का अंडरपास दूसरे कॉरिडोर का हिस्सा है। इन दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 114 एकड़ रक्षा भूमि और 78 एकड़ निजी भूमि की आवश्यकता है।
एयरपोर्ट क्षेत्र में कनेक्टिविटी होगी बेहतर
अब एएआई ने बेगमपेट हवाई अड्डे के नीचे भूमिगत टनल के लिए मौखिक मंजूरी दे दी है। हैदराबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण सूत्रों के अनुसार, बेगमपेट हवाई अड्डा रनवे के नीचे प्रस्तावित यह अंडरपास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पैराडाइज जंक्शन से मिलिट्री डेयरी फार्म रोड तक बनने वाले 5.4 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का हिस्सा है।
यह कॉरिडोर सिकंदराबाद, ताड़बन और बोइनपल्ली से होकर गुजरेगा और डेयरी फार्म रोड पर समाप्त होगा। हवाई अड्डे के रनवे के पास या ऊपर एलिवेटेड संरचना संभव न होने तथा ताडबन में तेज मोड़ से बचने के लिए लिए अंडरपास की योजना बनाई गई है। हम्डा सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण में सबसे बड़ी बाधा अब दूर हो गई है।
-यह भी पढ़े–नामपल्ली कोर्ट में पुनः बम की अफवा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



