पोंगुलेटी ने हड़पी गुजराती परिवार से संबंधित जमीनें : दासोजू श्रवण
हैदराबाद, भारास विधान परिषद सदस्य डॉ. दासोजू श्रवण कुमार ने दशकों से तेलंगाना में रह रहे गुजराती परिवार के दादा-परदादाओं से संबंधित भूमि को हथियाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करके डराने धमकाने का राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी पर आरोप लगाया।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में पीड़ित गुजराती परिवार सतीश शाह और उनकी पत्नी पल्लवी शाह के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए एमएलसी डॉ. दासोजू श्रवण ने शाह परिवार की भूमि से संबंधित दस्तावेज तथा परिवार के पक्ष में हाईकोर्ट के दिए निर्णय से संबंधित कागजात दिखाते हुए कहा कि इतना सब मौजूद होने के बावजू मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी व उनके पुत्र पोंगुलेटी हर्षा द्वारा गुजराती परिवार पर डेवलपमेंट के लिए भूमि देने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद मंत्री पोंगुलेटी स्वयं कार में शाह परिवार के घर जाकर डरा धमका रहे हैं।
मंत्री पर ‘व्हाइट कॉलर राउडी’ शासन के आरोप
जिस प्रकार का व्यवहार मंत्री के द्वारा किया जा रहा है, उससे साफ जाहिर हो रहा है कि तेलंगाना में सूट बूट पहनकर महँगी कारों में घूमने वाले व्हाइट कॉलर डिग्निफाईड राउडियों का शासन चल रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि तेलंगाना में 2,700 करोड़ रुपये खर्च से नए हाईकोर्ट भवन का निर्माण करके क्या लाभ, जब सरकार ही हाईकोर्ट के दिए न्याय पर तक अमल न करें। उन्होंने गुंडों द्वारा मास्क पहनकर शाह परिवार की भूमि पर स्थित प्रहरी दीवार तोड़े जाने के चित्र मीडिया को दिखाते हुए कहा कि हैदराबाद है या बिहार का गुंडाराज, जो मास्क पहने गुंडे राज चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शाह परिवार की सर्वे नंबर 169, 244, 245 से संबंधित 27 एकड़ भूमि दादा-परदादाओं के जमाने से है।
पहले मंत्री ने अप्रोच रोड के लिए कुछ भूमि पूछी, फिर 2 एकड़ भूमि देने के बाद पूरी भूमि माँग रहे हैं। परिवार द्वारा मना करने पर डरा धमकाकर जोर जबरदस्ती की जा रही है। उन्होंने मंत्री से कहा कि यह शाह परिवार की मर्जी है कि वह डेवलपमेंट के लिए भूमि दें या न दें। इसमें मंत्री को जोर जबरदस्ती क्यों है। उन्होंने कहा कि मंत्री में जरा सी भी शर्म बाकि है, तो शाह परिवार का पीछा छोड़ दें।
यह भी पढ़ें… पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी से मिले केटीआर, बीआरएस में शामिल होने का निमंत्रण
जीओ ट्रिपल वन के तहत दीवार निर्माण पर रोक का आरोप
मंत्री ने कहा कि हाईकोर्ट ने शाह परिवार के पक्ष में निर्णय दे दिया है, तो मंत्री का जोर क्यों। उन्होंने कहा कि जो प्रहरी दीवार गुंडों ने तोड़ी है, कोर्ट के निर्णय के बाद शाह परिवार को प्रहरी दीवार का निर्माण करने से पुलिस द्वारा जीओ ट्रिपल वन का हवाला देकर रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब गुंडागिरी और धमकियों की शिकायत परिवार ने पुलिस से की, तो हरकत में तक नहीं आने वाली पुलिस को अब जीओ ट्रिपल वन कैसे याद आ रहा है। जिस पुलिस को कानून की रक्षा कर पीड़ितों के पक्ष में खड़े होकर गुंडों को अरेस्ट करना चाहिए, वह पीड़ितों को परेशान कर रही है।
मंत्री ने कहा कि जब दो सालों बाद बीआरएस सत्ता में आएगी, तो भू कब्जे करने वाले रियल इस्टेट भू माफिया व कानून तोड़ने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा। गलती करने वालों को सजा तय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मंत्री आज हैं कल पद पर नहीं रहेंगे, परंतु पुलिस अधिकारी सर्विस में अवश्य रहेंगे। अपनी करनी का फल अवश्य भोगना पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि शाह परिवार की भूमि पर स्थित गौशाला तक गुंडों ने तोड़ दी, जिसके चलते गायों को अन्य गौशालाओं में भेजना पड़ा। उन्होंने कहा कि बीआरएस शाह परिवार के साथ खड़ी है। अन्याय नहीं होने देगी। यह केवल एक परिवार की समस्या नहीं, पूरे तेलंगाना की समस्या है। हर स्थान पर अन्याय और न्याय के बीच परीक्षा है। सतीश शाह ने मंत्री पर गत के रेवेन्यु मैप बदलवाकर परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भूमि के लिए मंत्री खुद घर आए थे। मना करने पर उनके लोग परेशान कर रहे हैं, डरा धमका रहे हैं, आखिरकार कहाँ जाएँ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



