फुले का कार्य महिला सशक्तीकरण का प्रेरणास्रोत: नितिन नवीन

नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की 199वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण तथा सामाजिक सुधार के लिए उनका कार्य आज भी लोगों को प्रेरित करता है। फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था और 28 नवंबर 1890 को उनका निधन हुआ। नवीन ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ”महात्मा ज्योतिराव फुले की 199वीं जयंती पर हम उन्हें नमन करते हैं।
सती प्रथा जैसी कुरीतियों का विरोध
सती प्रथा जैसी कुरीतियों का विरोध करने से लेकर महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तक सामाजिक सुधार में उनकी भूमिका आज भी देश को याद है।” उन्होंने कहा, ”पहले बालिका विद्यालय की स्थापना से लेकर सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए उनके सक्रिय प्रयास आज के समय में भी प्रासंगिक हैं।”
नवीन ने कहा कि केंद्र सरकार की पहलों के जरिए महिला सशक्तीकरण से संबंधित फुले की दूरदृष्टि को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ”हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के जरिए उनके सम्मान, गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया है। हम मानते हैं कि ये प्रयास ज्योतिराव फुले के आदर्शों के अनुरूप हैं।” नवीन ने कहा कि ‘नारी वंदन अधिनियम’ के तहत प्रस्तावित 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को और सशक्त करेगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



