क्राइम मैनेजमेंट का नया खाका पेश
जयपुर, राजस्थान में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार अब पूरी तरह सख्त रुख में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर पुलिस मुख्यालय से 42 महिला पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराध के खिलाफ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से अमल होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि उत्पीड़न, शोषण और हिंसा जैसी घटनाओं में पीड़ित महिलाओं को तत्काल मदद मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं को भयमुक्त माहौल देने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।
पीसीआर वैन को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था को लेकर लंबी समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठित अपराध, गैंगस्टर्स, साइबर क्राइम, मादक पदार्थों की तस्करी और नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपराध नियंत्रण के लिए तकनीक और 24 घंटे महिला सुरक्षा का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने पुलिसिंग में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों से एक कदम आगे रहने के लिए टेक्नोलॉजी का अधिकतम उपयोग जरूरी है। इसके जरिए न सिर्फ अपराधों की रोकथाम होगी, बल्कि त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा सकेगी। बैठक में ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था भी कानून व्यवस्था का अहम हिस्सा है। महिला सुरक्षा के लिए शुरू की गई ये पीसीआर वैन 24 घंटे सड़कों पर तैनात रहेंगी। इन वाहनों में मोबाइल डेटा टर्मिनल , जीपीएस सिस्टम, फोल्डिंग स्ट्रेचर और एलईडी लाइट बार जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स संभव होगा और पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सकेगी। इन वैन को अभय कमांड सेंटर से जोड़ा गया है, जो डायल 112 की तर्ज पर काम करता है। यानी जैसे ही किसी घटना की सूचना कंट्रोल रूम को मिलेगी, तुरंत संबंधित पीसीआर वैन को निर्देश दिए जाएंगे और मौके पर तेजी से कार्रवाई होगी। इससे रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े : कश्मीर में वुलर झील पुनर्जीवन : 5 किमी क्षेत्र बहाल, 1.31 लाख पेड़ हटाए
बैठक में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वहीं सभी जिलों के आईजी और एसपी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख से साफ है कि राजस्थान में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



