हयातनगर में डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र : श्रीधर बाबू
हैदराबाद, आईटी एवं उद्योग मंत्री दुद्धिल्ला श्रीध बाबू ने कहा कि हैदराबाद की कुशल प्रतिभा, अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधारभूत सुविधाएँ, अपेक्षाकृत कम ट्रैफिक समस्या और किफायती किराए जैसी विशेषताएँ बड़ी कंपनियों को आकर्षित कर रही हैं। इन्हीं विशेषताओं के चलते दुनिया की प्रमुख वित्तीय संस्थाएं अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स स्थापित करने के लिए हैदराबाद को पसंदीदा गंतव्य के रूप में चुन रही हैं।
न्यूयॉर्क स्थित पिको टेक्नोलॉजी के प्रतिनिधियों ने शनिवार को तेलंगाना सचिवालय में मंत्री श्रीधर बाबू से मुलाकात की। इस बैठक में सड़क एवं भवन निर्माण मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकटरेड्डी भी उपस्थित थे। वित्तीय बाजार सेवाएं प्रदान करने वाली पिको टेक्नोलॉजी ने अपनी सहायक कंपनी पिको टेक्नोलॉजी इंडिया के माध्यम से हैदराबाद में जीसीसी स्थापित करने की इच्छा जताई है।
शहर के बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री श्रीधर बाबू ने शहर में उपलब्ध अवसरों और बुनियादी ढांचे के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आगामी पांच से दस वर्षों तथा 20 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरू और मुंबई की तुलना में हैदराबाद में ऑफिस स्पेस की ऑक्युपेंसी 73 प्रतिशत है, जबकि मुंबई में यह केवल 52 प्रतिशत है। ट्रैफिक और वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं के कारण आईटी कंपनियां और जीसीसी तेजी से हैदराबाद की ओर रुख कर रही हैं।
मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकटरेड्डी ने बताया कि मौजूदा नेहरू आउटर रिंगरोड से लगभग 30 किलोमीटर बाहर एक नया रीजनल रिंग रोड बनाया जा रहा है। इसके साथ ही रेडियल सड़कों का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रिंग रोड के साथ-साथ रेलवे लाइन भी विकसित की जाएगी, ताकि परिवहन व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाया जा सके। हयातनगर और एलबी नगर के बीच डबल डेकर रोड का निर्माण किया जा रहा है।
नीचे की सड़क स्थानीय ट्रैफिक के लिए होगी, जबकि ऊपर के दो स्तर शहर में आने-जाने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नागपुर के बाद इस तरह की डबल डेकर सड़क बनाने वाला हैदराबाद दूसरा शहर होगा। अगले दो महीनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



