रालोद MLC पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का केस दर्ज

मथुरा (उप्र), उत्तर प्रदेश के मथुरा में धोखाधड़ी से फर्जी दस्तावेज बनवाकर करोड़ों रुपये की जमीन कब्जाने के प्रयास, पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में एक अदालत के आदेश पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) योगेश नौहवार समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हाईवे थाना में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार कलाकुंज कॉलोनी की निवासी निधि अग्रवाल ने कहा है कि वह रामहरी एंटरप्राइजेज नामक कंपनी में साझीदार हैं और वह और उनके पति जमीन कारोबार करते हैं। शिकायत में बताया गया है कि उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट पांच एकड़ जमीन का सौदा करके जून 2024 में जमीन की रजिस्ट्री कराई थी और बाद में उस जमीन की बिक्री करके दाखिल-खारिज भी करा लिया था।

जमीन विवाद में 5 करोड़ की रंगदारी का आरोप, MLC ने कहा आरोप बेबुनियाद

उनका आरोप है कि इसके बाद नौहवार समेत पांच लोगों ने उन्हें अपने यहां बुलाकर उक्त जमीन अपनी बताते हुए मामला निपटाने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न देने पर धमकाने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि इसके लिए उन्होंने धोखाधड़ी के जरिये जाली दस्तावेज बनवाकर उक्त जमीन पर अपना दावा जताया।

हाईवे थाने के प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय (संख्या—2) के आदेश पर आठ मार्च को नौहवार, यश चौधरी, मनीष अदलक्खा, शुभम अग्रवाल व कृष्ण मुरारी अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और जांच उपनिरीक्षक रोहन कुचलिया को सौंपी गई है।

दूसरी ओर नौहवार ने खुद पर लगे आरोपों को पुरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि वह खुद शिकायतकर्ताओं के खिलाफ जमीन कब्जाने के प्रयास, जालसाजी एवं धोखाधड़ी से फर्जी कागजात बनवाने के आरोप में दो मामले दर्ज करा चुके हैं।उन्होंने कहा कि अदालत को पूरी जानकारी दिए बिना ये आदेश जारी कराए हैं। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button