
हैदराबाद, सिख धर्म के पहले गुरु और संस्थापक श्री गुरु नानकदेवजी के 556वें प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद से भव्य नगर कीर्तन उत्साह के साथ निकाला गया। यहां गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद के अध्यक्ष बलदेव सिंह बग्गा एवं महासचिव जगमोहन सिंह ने बताया कि गुरु नानकदेवजी का प्रकाशोत्सव बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है जिसमें गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा (जीएसजीएसएस), अफजलगंज और गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद (जीएसएस) की प्रबंधक समितियां एक साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं।
नगर कीर्तन (पवित्र जुलूस) गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद द्वारा निकाला गया। गुरु ग्रंथ साहिब जी (सिखों का पवित्र ग्रंथ) को सुंदर ढंग से सुसज्जित वाहन पर आरूढ़ कर निशान साहेबानों (धार्मिक ध्वजों) के साथ शोभायात्रा निकाली गयी। मुख्य आकर्षण सिख युद्ध कला गटका का प्रदर्शन रहा, जो जय तेगंग गटका अखाड़ा (अमृतसर) और दशमेश कलगीधर जत्था द्वारा किया गया। जत्था तेरा जत्था, स्त्रा सत्संग और पुरुषों व महिलाओं के कीर्तनी जत्थों द्वारा शबद कीर्तन (पवित्र भजन) प्रस्तुत किया गया।
सिकंदराबाद में शोभायात्रा और कीर्तन दरबार से गूंजा प्रकाश पर्व
शोभायात्रा क्लॉक टावर, बाटा, पैटनी सर्कल, किंग्सवे, मोंडा मार्केट, अल्फा होटल होती हुई शाम में गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद पहुंची। मार्ग में सभी को प्रसाद का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रकाशोत्सव पर दूसरा नगर कीर्तन 3 नवंबर को शाम 4 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, अफजलगंज से निकाला जाएगा जो अफजलगंज, सिद्दिअंबर बाजार, जामबाग, पुतली बाउली, सेंट्रल गुरुद्वारा साहिब गौलीगुड़ा से होते हुए रात 9 बजे गुरुद्वारा सिंह सभा, अफजलगंज पहुंचेगा।
पदाधिकारियों ने बताया कि श्री गुरु नानकदेवजी का प्रकाशोत्सव 5 नवंबर को नामपल्ली स्थित प्रदर्शनी मैदान में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। अवसर पर विशाल दीवान (सामूहिक समागम) सुबह 10.30 से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जहां 25,000 से अधिक श्रद्धालु एकत्रित होंगे। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित रागी जत्थों द्वारा गुरबानी कीर्तन (पवित्र भजन) का गायन किया जाएगा, जिनमें भाई हरजिंदर सिंहजी (श्रीनगर वाले), भाई बलजीत सिंह (उसा वाले), ज्ञानी साहेब सिंहजी मारकंडा वाले, हजूरी रागी जत्था, भाई हरी सिंहजी, भाई जगदेव सिंहजी, भाई हरविंदर सिंह सहित अन्य रागी जत्थे शामिल हैं।
यह भी पढ़े : हैदराबाद माहेश्वरी मंडल का दीपावली स्नेह मिलन एवं अन्नकूट
विशाल दीवान के बाद गुरु का लंगर आयोजित किया जायेगा। 4 और 5 नवंबर को रात्रि कीर्तन दरबार होंगे। 4 नवंबर (मंगलवार) को गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद में शाम 7 बजे से रात 10.30 बजे तक और 5 नवंबर को रात्रि 9 से 2 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, अफजलगंज में रात्रि कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। अवसर पर प्रबंधक समिति जीएसएस अध्यक्ष सरदार बलदेव सिंह बग्गा, जीएसएस महासचिव सरदार जगमोहन सिंह, जीएसएस सचिव सरदार हरप्रीत सिंह गुलाटी, सरदार सतविंदर सिंह बग्गा, सरदार जसपाल सिंह टुटेजा, सरदार जोगिंदर सिंह मुजराल व अन्य उपस्थित थे।
