पीडीएस चावल तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय, कई जगहों पर छापे

हैदराबाद, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल की तस्करी का संगठित नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। सरकार द्वारा तीन माह का राशन एक साथ वितरित किए जाने के बाद तस्कर गिरोह और अधिक सक्रिय हो गए हैं और लाभार्थियों से सस्ते दर पर चावल खरीदकर पड़ोसी राज्यों में ऊँचे दाम पर बेच रहे हैं।

बताया गया कि पिछले सप्ताह भर के दौरान हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरी क्षेत्रों में पुलिस, नागरिक आपूर्ति विभाग और प्रवर्तन एवं सतर्कता टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पीडीएस चावल जब्त करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह गोरखधंधा मुख्य रूप से दो तरीकों से संचालित हो रहा है। पहले राशन डीलर सीधे लाभार्थियों से चावल खरीदकर दुकान में ही जमा कर लेते हैं और शाम के समय तस्करों को सौंप देते हैं। दूसरे में गिरोह के एजेंट झुग्गी बस्तियों में घूम-घूमकर लाभार्थियों से चावल इकट्ठा करते हैं।

बताया गया कि कई राशन डीलर चावल को करीब 18 रुपये प्रति किलो की दर से एजेंटों को बेच रहे हैं, जिससे सरकारी योजना का दुरुपयोग हो रहा है।

पुराने शहर में सक्रिय है गिरोह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराने शहर के चंद्रायनगुट्टा, याकूतपुरा, पहाड़ी शरीफ, बालापुर, मुशीराबाद, तालाबकट्टा, आसिफ नगर, राजेंद्रनगर, भवानीनगर, फलकनुमा, बहादुरपुरा, टप्पाचबूतरा, चादरघाट जैसे इलाकों में बड़े सिंडिकेट सक्रिय हैं। इनमें से कई को कथित रूप से राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। स्थानीय स्तर पर मासिक मामूल राशि भी दी जा रही है।

यह भी पढ़ें… फ्लिप नंबर प्लेट वाली बीएमडब्ल्यू जब्त, नशे में चालक गिरफ्तार

घरों को बनाया जा रहा गोदाम

बताया गया कि तस्कर गिरोह झुग्गी क्षेत्रों में मकान और दुकानों को किराए पर लेकर उन्हें अस्थायी गोदाम के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। यहाँ चावल जमा करने के बाद नगर के बाहरी इलाकों में बड़े गोदामों में भेजा जाता है, जहाँ से आउटर रिंग रोड के जरिए अन्य राज्यों में आपूर्ति की जाती है।

बताया गया कि तस्करी मुख्य रूप से रात के समय की जाती है। एक ट्रक में करीब 14 टन चावल ले जाया जाता है। प्रति ट्रक 1.30 लाख से 1.50 लाख रुपये तक की कमाई होती है। यह चावल जहीराबाद के रास्ते कर्नाटक और महाराष्ट्र भेजा जाता है। सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तस्कर स्थानीय युवाओं को प्रतिदिन 500 रुपये देकर इस काम में लगा रहे हैं। उन्हें स्कूटर उपलब्ध कराकर चावल इकट्ठा कराया जा रहा है।

बताया गया कि गत 11 अप्रैल को पुराने शहर के पहाड़ी शरीफ में 8 क्विंटल पीडीएस चावल जब्त करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन काला पत्थर में 11 क्विंटल पीडीएस सामग्री (चावल व गेहूं) बरामद किया गया। 10 अप्रैल को चंद्रायनगुट्टा में 6 क्विंटल चावल के साथ 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 8 अप्रैल को बालापुर में 523 क्विंटल चावल और 69 क्विंटल गेहूं बरामद हुआ। 6 अप्रैल को टास्क फोर्स ने चंद्रायनगुट्टा में 103 क्विंटल चावल और एक डीसीएम वाहन जब्त किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button