सक्षम संस्था और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के नेत्र जाँच महाशिविर में उमड़ा जनसैलाब

जयपुर, सक्षम संस्था, जयपुर और हैदराबाद के महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर के बनी पार्क स्थित एस.एस.जी. पारीक पी.जी. महाविद्यालय में विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच महाशिविर का आयोजन किया गया। एक दिवसीय शिविर का बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया।

वृहद स्तर के आयोजन को सुचारू रूप से चलाने के लिए 25 वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों, 50 प्रशिक्षित ऑप्टोमेट्रिस्ट और लगभग 250 से अधिक समर्पित कार्यकर्ताओं ने सेवाएँ दीं। शिविर की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 3,618 लोगों का निःशुल्क पंजीयन किया गया। जाँच के उपरांत 3,265 मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ और 1,682 लाभार्थियों को नंबर के चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा मोतियाबिंद व अन्य गंभीर नेत्र रोगों से पीड़ित 360 मरीजों को ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया है, जिनका आगामी दिनों में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन भगवती बल्दवा ने की। कार्यक्रम में सक्षम संस्था के राष्ट्रीय सह-सचिव अभय परगाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे। शिविर का उद्घाटन करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना ही सच्ची नारायण सेवा है।

यह भी पढ़ें… अग्रवाल शिक्षा समिति के एम.बी.ए. विभाग ने किया मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

सक्षम संस्था और बल्दवा फाउंडेशन का भगीरथ प्रयास वंदनीय

सक्षम संस्था और बल्दवा फाउंडेशन ने जो भगीरथ प्रयास किया है, वह देश के लिए वंदनीय है। सक्षम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों के उत्थान का राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। राजस्थान में रामदेवरा मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सेवार्थ सक्षम द्वारा जो विशाल नेत्र महाकुंभ लगाया गया, वह सेवा का अनुपम उदाहरण है। महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन भगवती बल्दवा ने कहा कि जब हम किसी के जीवन में फिर से रोशनी लाने का माध्यम बनते हैं, तो उससे बड़ा आत्मिक संतोष कुछ और नहीं होता।

फाउंडेशन अपने इसी सामाजिक दायित्व को निभाते हुए सक्षम संस्था के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। अंधत्व निवारण एवं रोकथाम के इस कार्य में सम्मिलित होना सौभाग्य की बात है। अतिथियों और मुख्य वक्ताओं ने संयुक्त रूप से आमजन से सक्षम संस्था के राष्ट्रव्यापी सेवा कार्यप्रकल्पों से जुड़ने की अपील की। अवसर पर प्रसिद्ध उद्योगपति महेश बल्दवा और हवामहल क्षेत्र के भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मरीजों और चिकित्सा टीम का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन में कार्यक्रम संयोजक डॉ. अशोक सिंह सोलंकी, सक्षम संस्था के प्रदेश सचिव डॉ. कुलदीप मिश्रा, डॉ. महावीर सैनी, संस्था के पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button