जीतो की शासन संध्या 3.0 में बही भक्ति की गंगा
हैदराबाद, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) हैदराबाद चैप्टर द्वारा भगवान महावीर जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में आयोजित शासन संध्या 3.0 में भजन गायकों ने भक्ति की गंगा बहायी, जिसने हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तों को प्रभु की भक्ति से सराबोर किया।































नुमाइश मैदान में जीतो लेडीज़, जीतो यूथ क्लब एवं जीतो हैदराबाद चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक जैनम वारिया, देवांश डोसी, पारस गाढा, प्रशांत शाह, हेम शाह, ईशान डोसी ने विश्व शांति के लिए दो मिनट के मौन के बाद भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा के आगमन का शब्दों से स्वागत किया। तत्पश्चात 7 नमस्कार महामंत्र के साथ प्रभु महावीर के पदों को समावेश कर वातावरण में भक्ति का रस घोल दिया। भजन गायकी से विशेष रूप से युवा पीढ़ी प्रभावित हुई। शासन संध्या का संचालन ईशान डोसी ने किया।
जीतो नेतृत्व की उपस्थिति में हुआ भव्य शुभारंभ
शासन संध्या 3.0 का उद्घाटन जीतो एपेक्स अध्यक्ष विजयभाई भंडारी, सचिव श्रीपाल बच्छावत, सह-कोषाध्यक्ष डी.के. जैन, डीआईसी आईटी सुजीत भटेवरा, डीआईसी सदस्य राजेश सांखला, जोन चेयरमैन टीएनएपीटीएस जितेन्द्र भंडारी, निदेशक गौतम सहलोत, निदेशक जितेन्द्र लोढ़ा, जीतो हैदराबाद चेयरमैन रोहित कोठारी, वाइस चेयरमैन परेश शाह, मुख्य सचिव ललित चोपड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल आंचलिया, संतोष चापलोत, अजित सांखला सुजित भटेवरा, संजीव छाजेड जीनू लोढ़ा, एसएस 3.0 के संयोजक सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
जीतो एपेक्स के अध्यक्ष विजय भाई भंडारी ने जीतो हैदराबाद द्वारा देश में पहले इतने बड़े आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने जीतो एपेक्स द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पद लिया है, तो भार भी आता है। पद्भार का सही मूल्यांकन हैदराबाद जीतो के चेयरमैन रोहित कोठारी एवं टीम ने किया। हैदराबाद जीतो के अपेक्स निदेशक गौतम सेहलोत ने बहुत अच्छा कार्य किया है।
विश्व का सबसे बड़ा जैन संगठन जीतो है। इस पर गर्व होना चाहिए। हम लोग भले अलग-अलग विचार में बँटे हैं, लेकिन हमारा लक्ष्य भगवान महावीर के पद पर चलना है। जीतो में पंथ वाद नहीं, तीन मूल्य हैं, सेवा, शिक्षा और आर्थिक सुदृढ़ता। सेवा की बात करें, तो चारों संप्रदाय के 18000 साधु भगवंत को आरोग्य श्रमण के अंतर्गत जीतो का आरोग्यम कार्ड देकर मेडिकल सेवा दे रहे हैं। शिक्षित है, तो विकसित हैं। जैन समाज छोटा है, लेकिन समृद्ध है।
2030 तक अधिक जैन अधिकारियों का लक्ष्य निर्धारित
शिक्षा के लिए जेटीएफ के माध्यम से आईएएस, आईपीएस और यूपीएस के लिए अलग-अलग हॉस्टल हैं। देश में सेंट्रल स्तर पर 800 से ज्यादा जैन अधिकारी कार्य कर रहे हैं। लक्ष्य 2030 तक जितनी भी सेवा हो, उसमें 10 में से 1 जैन समाज का अधिकारी होना चाहिए। यह तभी संभव है, जब साथ कार्य करेंगे। जैन समाज के बच्चे शिक्षा से वंचित न रहें, इसलिए जीत के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण दिया जाता है। पिछली बार 100 करोड़ रुपये का लोन डिसबर्समेंट किया गया।
आर्थिक सुदृढ़ता के लिए विकसित होकर कार्य कर रहे हैं। जीतो के माध्यम से कई मेंटर कार्यक्रम किए जा रहे हैं, जिसमें जीत, स्टार्टअप प्रोफेशनल सहित 21 शामिल हैं। कम से कम 10000 बेड्स के हॉस्टल्स अलग-अलग शहर में कार्य करें, ऐसी योजना बनायी जाएगी। उन्होंने कहा कि जीतो से अधिक सदस्य जोडें, ताकि लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
हैदराबाद में सबसे बड़ा कनेक्ट किया, जो भारत में सबसे बड़ा व बेहतरीन रहा। उन्होंने आगामी 9 अप्रैल को देश भर में आयोजित किए जाने वाले नवकार महामंत्र कार्यक्रम में सभी से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम सुबह 7.30 से 9.31 तक होगा। सभी इसमें नाम पंजीकृत करें। कार्यक्रम से जैन ही नहीं, बल्कि मित्र, सहयोगी, व्यापार सहयोगी आदि को भी सम्मिलित करें। विश्व के अंदर अशांति है, उसमें शांति लाने का एकमात्र उपाय नवकार महामंत्र है।
यह भी पढ़ें… एजीआरओएचए हैदराबाद चैप्टर ने किया प्री-लांच बिजनेस मीटिंग का आयोजन
लगभग 300 नये जीतो सदस्य हैदराबाद से जुड़े
जीतो एपेक्स के निदेशक गौतम सेहलोत ने पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि एपेक्स ने हैदराबाद में जीतो को कनेक्ट करने का अवसर दिया, जो ऐतिहासिक रहा। 300 से अधिक जीतो के सदस्य बने हैं। कार्यक्रम शुरू किया तो 400-500 सदस्य तक जा सकता है। हैदराबाद जीतो का यह प्रभावशाली कदम है। आज शासन संध्या 3.0 को विशाल तौर पर आयोजित कर इतिहास बनाया गया। कार्यक्रम के लिए हैदराबाद जीतो की टीम का आभार।
जीतो हैदराबाद के चेयरमैन रोहित कोठारी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि शासन संध्या में सम्मिलित होकर इतिहास बनाया। आज लगभग 300 नये जीतो सदस्य हैदराबाद से जुड़े हैं। हैदराबाद चैप्टर ने डेढ़ साल पहले अपना नया कार्यालय जीतो के फंड से बनाया। माधापुर और कोंडापुर में 30 रूम का हॉस्टल चलाया जा रहा है। जीतो व्यापार के लिए जाना जाता है, लेकिन धार्मिक कार्य भी किए जाते हैं।
जीतो पिछले 2 साल से नगर में जितने चातुर्मास हो रहे हैं, उनमें साधु-साध्वियों को विहार किट के रूप में मेडिकल सेवा दे रहा है। जीतो हैदराबाद ने हैदराबाद में हॉस्टल सब्सिडी के रूप फीस पुनर्भुगतान के रूप में सेवा दी है। साधार्मिक भाई के लिए हॉस्पिटल के बिल का पुनर्भुगतान किया। पिछले एक साल में जीतो ने साधार्मिक सेवा में एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की है।
हमारे पास अभी 22 केस हैं, जिनमें 2 से 7 लाख रुपये के मेडिकल बिल मंजूर किए जाएँगे। उन्होंने बताया कि आगामी 9 अप्रैल को नुमाइश मैदान में होने वाले नवकार महामंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने हेतु दस हजार से अधिक लोगों की व्यवस्था जाएगी।
चेयरमैन के नेतृत्व में तय लक्ष्यों की ओर प्रगति जारी
जीतो हैदराबाद चैप्टर के मुख्य सचिव ललित चोपड़ा ने जीतो हैदराबाद की जानकारी देते हुए जीतो की ओर से सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जीतो एपेक्स का उचित मार्गदर्शन, विश्वास और जीतो हैदराबाद के हर महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपस्थिति सभी का मनोबल बढ़ाती है और कार्य की ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि जीतो हैदराबाद के चेयरमैन रोहित कोठारी के नेतृत्व में पद ग्रहण करने के बाद एपेक्स के सामने जो लक्ष्य रखा था, उसे पूरा किया जा रहा है। जीतो हॉस्टल को ट्रायल के आधार पर शुरू किया है, जिसका 80 बच्चे लाभ ले रहे हैं।
जीतो गोल्फ कप 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। जीतो कनेक्ट विशाल रूप में किया गया। जीतो जॉब्स, जेबीएन गुरु भगवंत की मेडिकल वायावच्छ सेवा, समाज को जोड़ने वाले कार्यक्रम शासन संध्या का आयोजन किया गया। हर कदम में जीतो के सिद्धांत सेवा, ज्ञान, आर्थिक सुदृढ़ता के साथ कार्यक्रम में सभी को जोड़ने का प्रयास किया। जीतो हैदराबाद के सदस्यों की संख्या बढ़ी है और आगे भी बढ़ाने का प्रयास रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष विशाल आंचलिया ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के प्रायोजकों का आभार प्रकट किया, जिनमें टाइटल प्रायोजक जैन कंस्ट्रक्शन्स के सुरेश जैन, पॉवर स्पॉन्सर अभिनंदन मोटर्स, कोठारी ग्रुप के स्वरूपचंद कोठारी, कल्चर के पुष्पक कल्पेश प्रफुल, एग्रो मैक के संजय जैन, रंग भडारी एजेंसी के हेमराज बाफना, कल्पेश भंडारी, विनय भंडारी, साहिल बाफना, स्वामी वात्सल्य प्रायोजक भंडारी ग्लास कंपनी के चंपालाल ललित भंडारी, स्थल और जल बोतल के प्रायोजक केबल क्राफ्ट ब्रजराज राहुल श्याम सुखा के अतिरिक्त कार्यक्रम में 12 अन्य सहयोगी प्रायोजक गोकुल कृषि उद्योग के विनोद कीमती-सुधा कीमती के पदाधिकारियों ने किया।
जीतो पदाधिकारियों ने सहयोगियों का जताया आभार
मुख्य सचिव ने कार्यक्रम के प्रायोजकों का आभार प्रकट किया, सुवर्णम ज्वेल्स के अरविंद नाहर, शिवराज लक्ष्मीचंद ज्वेलर्स के गौतमचंद सेहलोत, सुमित इंटीरियर के रोहित जैन, कुंथुनाथ पॉलिमर्स के अमृत अभिषेक भोजानी, तातेड़ फाइनेंस कॉर्पोरेशन के पिंकी मनोज तातेड़, एसएम रोटोफ्लेक्स के बी.एल.भंडारी, जायटेक सोलर, हॉलिडे बाज़ार के हितेश वाणीगोता, अमृत चिट फंड्स के विशाल आंचलिया, श्री जिनकुशलसूरी ग्रुप के गौतम ललित चोपड़ा, स्वास्तिक ईवेंट के विशाल बोहरा, और ज़ोम के हितेश बाफणा, कैलाश भंसाली का सम्मान जीतो अपेक्स एवं जीतो हैदराबाद के पदाधिकारियों सहित वाइस चेयरमैन परेश शाह, अनिल ओसवाल, जंयत भाई जैन, महेश गोलेच्छा, संपत चापलोत, महिला व युवा विंग के पदाधिकारियों ने किया।
अवसर पर जीतो हैदराबाद के सीपी एवं पैटर्न के नामों की घोषणा अपेक्स अध्यक्ष विजय भाई भंडारी ने शपथ दिलवाई।
कार्यक्रम में जीतो हैदराबाद के चेयरमैन रोहित कोठारी, वाइस चेयरमैन परेश शाह, मुख्य सचिव ललित चोपड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल आंचलिया, एसएस 3.0 के संयोजक पुष्पक जैन, संयोजक संजय सी. जैन, सुरेश जैन, मनोज तातेड़, अरविन्द नाहर, संदीप भोजानी, कल्पेश भंडारी, रोहित जैन, राहुल श्यामसुखा, आदेश कोठारी, जीतो हैदराबाद महिला प्रकोष्ठ की चेयरपर्सन सुधा कीमती, मुख्य सचिव टीना शाह, कोषाध्यक्ष अनीता रांका, जीतो हैदराबाद यूथ विंग के चेयरमैन अक्षय जैन, मुख्य सचिव सक्षम साभद्रा, कोषाध्यक्ष निलेश नाहर व अन्य ने सहयोग प्रदान किया। अवसर पर जीतो के सदस्य, जैन समाज के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



