‘आप’ नेता एवं विधायक पठानमाजरा से ग्वालियर में गिरफ्तार
पटियाला (पंजाब), पंजाब पुलिस ने बलात्कार के एक मामले में पिछले साल सितंबर से फरार आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (पटियाला) वरुण शर्मा ने बताया कि पहली बार विधायक बने पठानमाजरा को ग्वालियर से पकड़ा गया और उन्हें वापस पटियाला लाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि सनौर से निर्वाचित विधायक को यहां की अदालत में पेश किया जाएगा। पठानमाजरा पिछले साल सितंबर में दर्ज बलात्कार के मामले में वांछित थे। पुलिस ने यहां सिविल लाइंस थाने में पठानमाजरा के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी देने के आरोप में एक सितंबर 2025 को मामला दर्ज किया था।
जीरकपुर महिला ने लगाया आरोप, विधायक भगोड़ा घोषित
यह मामला जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था जिसने आरोप लगाया था कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और पहले से विवाहित होने के बावजूद 2021 में उससे शादी की। महिला ने विधायक पर उसका लगातार यौन शोषण करने, उसे धमकाने और उसे ‘‘अश्लील’’ सामग्री भेजने का आरोप लगाया है।
‘आप’ विधायक को इस मामले में पेश नहीं होने पर भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। पटियाला पुलिस ने पठानमाजरा के खिलाफ ‘लुक-आउट नोटिस’ भी जारी किया था। पठानमाजरा बलात्कार के मामले में पिछले साल दो सितंबर से फरार थे। पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जब हरियाणा के करनाल गई थी, तब वह भाग निकले थे।
यह भी पढ़े : दिल्ली में सोशल मीडिया पर पिस्तौल रील डालने वाला युवक गिरफ्तार
पुलिस ने तब दावा किया था कि वह करनाल जिले के डाबरी गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर पर थे और जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची तो विधायक के समर्थकों ने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की थी और पथराव किया था। हालांकि, पठानमाजरा ने पुलिस पर गोलीबारी में शामिल होने के दावों का खंडन करते हुए कहा था कि वह यह पता लगने के बाद भाग गए थे कि उन्हें ‘‘फर्जी मुठभेड़’’ में मार दिया जाएगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



