मिलावटी पनीर बरामद, 6 गिरफ्तार 11 लाख से अधिक का सामान जब्त
हैदराबाद, पुलिस आयुक्त की खैरताबाद टास्क फोर्स तथा जीएचएमसी द्वारा मिलावटी और अस्वच्छ पनीर व डेयरी उत्पाद बेचने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टास्क फोर्स के डीसीपी वैभव गायकवाड़ रघुनाथ ने बताया कि टीम ने फूड सेफ्टी अधिकारी के साथ मिलकर गंज बाजार, महाकाली मंदिर के पास अचानक छापेमारी की। इस दौरान 6 दुकानों की जांच की गई, जहां से भारी मात्रा में मिलावटी और अस्वच्छ डेयरी उत्पाद बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि आरोपी पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद सस्ते में लाकर उन्हें बिना किसी गुणवत्ता जाँच के बाजार में ऊंचे दाम पर बेच रहे थे।
यह पनीर खुले प्लास्टिक कवर में रखा हुआ था, जिस पर धूल, मक्खियाँ और गंदगी जमा थी। डीसीपी ने बताया कि उत्पादों पर न तो ब्रांड नाम, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट लिखी थी और न ही किसी प्रकार का रिकॉर्ड रखा गया था। आरोपी इन उत्पादों को होटल, कैटरिंग सर्विस और अन्य ग्राहकों को सप्लाई कर रहे थे। छापेमारी के दौरान कुल 3,892 किलो डेयरी उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 11.11 लाख रुपये आंकी गई। इसमें 2,572 किलो पनीर, 927 किलो खोवा, 249 किलो व्हाइट क्रीम, 12 किलो घी और 132 किलो कलाकंद शामिल है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई चल रही है।
यह भी पढ़ें… फार्म हाउस ड्रग्स पार्टी की गहराई से जाँच पड़ताल
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





