लड्डू में मिलावट के जरिये धर्म काअपमान : चंद्रबाबू नायुडू
अमरावती, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायुडू ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार के दौरान, तिरुपति मंदिर के लिए 20 करोड़ से अधिक पवित्र लड्डू बनाने में लगभग 60 लाख किलोग्राम मिलावटी घी का इस्तेमाल किया गया था तथा इसमें संगठित गिरोह संलिप्त थे। नायुडू ने कहा कि ऐसे गिरोहों ने प्रसादम की पवित्रता से समझौता करके धर्म का अपमान किया है, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुँची है।
तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के पवित्र लड्डू प्रसाद को कथित तौर पर अपवित्र किये जाने पर विधानसभा में हुई संक्षिप्त चर्चा में भाग लेते हुए नायुडू ने कहा कि मिलावटी घी की आपूर्ति के मामले में साजिश का पहलू भी शामिल है। नायुडू ने कहा, मिलावटी घी की आपूर्ति के मामले में साजिश का पहलू था। वे (अपराधी) एक गिरोह की तरह काम कर रहे थे। ये सभी बातें फोरेंसिक साक्ष्यों में सिद्ध हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने सदन में कहा, तिरुपति तिरुमला देवस्थानम (टीटीडी) को आपूर्ति किए गए 59.71 लाख किलोग्राम घी में मिलावट पाई गई। 2019 से 2024 के बीच, मिलावटी घी का उपयोग करके 20 करोड़ से अधिक लड्डू बनाए गए।
यह भी पढ़ें… ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से काम करती है भाजपा : मुख्यमंत्री शर्मा
एन. चंद्रबाबू नायुडू का दावा : मिलावटी घी पर 234 करोड़ खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध मंदिर का प्रबंधन देख रहे टीटीडी ने मिलावटी घी की खरीद पर लगभग 234.51 करोड़ रुपये खर्च किए। नायुडू ने आरोप लगाया, उन्होंने (पूर्ववर्ती सरकार ने) संगठित अपराध के तहत लड्डू (पवित्र प्रसाद) में मिलावट करके उसे अपवित्र किया। उन्होंने दावा किया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी के शासनकाल 2019 से 2024 के बीच मंदिरों पर कई हमले हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मिलावटी घी के बारे में टिप्पणी पहले की गई राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की रिपोर्ट के आधार पर की थी।
आंध्र प्रदेश में 2024 में हुई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक के दौरान चंद्रबाबू नायुडू ने आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार ने श्री वेंकटेश्वर मंदिर को भी नहीं बख्शा और वहाँ भी लड्डू बनाने में घटिया सामग्री और पशु वसा का इस्तेमाल किया। उप-मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 68 लाख किलोग्राम मिलावटी घी की आपूर्ति की गई थी।
पवन कल्याण ने कहा, कानून अपना काम करेगा। दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। अभिनय से राजनीति में आए कल्याण के मुताबिक टीटीडी को शुद्ध घी बताकर आपूर्ति किया गया पदार्थ घी नहीं था। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार ने पवित्र प्रसादम में रासायनिक मिलावट की अनुमति देकर उसे अपवित्र करने का नया तरीका खोजा था। उन्होंने दोषियों को दंडित करने की भी माँग की। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



