बीआईएसीएच एंड आरआई में उन्नत सेवाएँ लांच
हैदराबाद, बसवतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर अस्पताल तथा अनुसंधान संस्थान (बीआईएसीएच एंड आरआई) के नवीनीकृत आरोग्यश्री वार्डों को उन्नत गैस्ट्रो और कोलोनो वीडियोस्कोप सुविधाओं के साथ लांच किया गया। इनका उद्घाटन नंदमुरी बालकृष्ण ने किया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सामुदायिक कल्याण और स्वास्थ्य सेवा सहायता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए केआईए इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने आरोग्यश्री वार्ड के कमरों के नवीनीकरण में सहयोग दिया। उन्नत गैस्ट्रो और कोलोनोस्कोपी वीडियोस्कोप सुविधाओं के लिए सहायता आईओसीएल द्वारा प्रदान की गई। इस योगदान का उद्देश्य रोगी देखभाल अवसंरचना को बेहतर बनाना और आरोग्यश्री योजना पर निर्भर आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर रोगियों के लिए आराम और उपचार के माहौल को सुधारना है। नवीनीकृत सुविधाओं से अस्पताल की गरिमा और देखभाल के साथ गुणवत्तापूर्ण ऑन्कोलॉजी सेवाएँ प्रदान करने की क्षमता को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें… पित्ती ट्रस्ट एवं सेवा दल ने लगाया 161वाँ स्वास्थ्य जाँच शिविर
गैस्ट्रो और कोलोनो वीडियोस्कोप से निदान क्षमता में वृद्धि
नंदामुरी बालकृष्ण के नेतृत्व में अस्पताल प्रबंधन ने किआ इंडिया के उदार समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि उन्नत वार्ड बुनियादी ढाँचे से इलाज करा रहे मरीजों को काफी लाभ होगा। अवसर पर कहा गया कि नए समर्थित गैस्ट्रो वीडियोस्कोप और कोलोनो वीडियोस्कोप सिस्टम निदान क्षमताओं को काफी हद तक बढ़ाएँगे, जिससे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्थितियों का शीघ्र पता लगाने और बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्नत तकनीक से बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ होने की उम्मीद है, क्योंकि इससे सटीक, न्यूनतम चीर-फाड़ वाली प्रक्रियाओं को सुगम बनाया जा सकेगा और समग्र नैदानिक परिणामों में सुधार होगा।
अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (वाणिज्यिक) तथा तेलंगाना और आंध्र प्रदेश राज्य कार्यालय के राज्य प्रमुख पीयूष मित्तल, डीजीएम (एचआर-सीएसआर) कैलाश कंठ, बीआईएसीएच एंड आरआई के पदाधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



