न्यायालय भवन की नींव रखने के दौरान अधिवक्ताओं का किया गया अपमान
हैदराबाद, तेलंगाना बार असोसिएशन ने उच्च न्यायालय को एक पत्र लिखकर उच्च न्यायालय भवन की नींव रखने के समारोह में अधिवक्ताओं के साथ अपमान करने का हवाला दिया। तेलंगाना उच्च न्यायालय जोन-2 भवन के शिलान्यास समारोह के दौरान रविवार को राजेन्द्रनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के लिए की गई बैठने की व्यवस्था को लेकर तेलंगाना उच्च न्यायालय असोसिएशन ने विरोध जताया। इस संबंध में असोसिएशन ने उच्च न्यायालय को पत्र लिखकर बताया कि यह व्यवस्था अधिवक्ताओं के लिए अपमानजनक है।
तेलंगाना उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ ने गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को पत्र लिखा, जिसमें कहा गया है कि संघ के सदस्यों को बैरिकेड के पीछे बिठाकर उनके पद का अपमान किया गया। संघ ने कहा कि अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि के रूप में चुने गए समिति सदस्यों को उचित सम्मान नहीं दिया गया, जिससे संस्था की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची है। संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि यह किसी विशेष अधिकार के लिए नहीं, बल्कि संस्था के प्रतिनिधियों को उचित सम्मान देने के लिए है।
यह भी पढ़ें… अदालत का आदेश लागू नहीं होने पर जवाब तलब
रजिस्ट्री की लापरवाही से बार असोसिएशन की गरिमा ठेस पहुँची
संघ ने चिंता व्यक्त की कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं को भी उनके स्तर के अनुरूप बैठने की व्यवस्था नहीं की गई। इस कारण कुछ वरिष्ठ अधिवक्ता कार्यक्रम पूरा होने से पहले ही चले गए। पत्र में संघ ने विरोध जताया कि यह घटना रजिस्ट्री से अपेक्षित पेशेवर शिष्टाचार की कमी को दर्शाती है। संघ का मानना है कि इस कार्रवाई से बार असोसिएशन की गरिमा को ठेस पहुँची है।
संघ ने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा आधिकारिक रूप से आयोजित इस समारोह में लापरवाही देखी गई। संघ ने अनुरोध किया कि प्रोटोकॉल प्रक्रिया का पालन किया जाए, ताकि ऐसी घटना दुबारा न हो। संघ ने माँग की कि उच्च न्यायालय रजिस्ट्री संघ की कार्यकारी समिति को उचित मान्यता दें और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएँ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



