हंगामे के बीच हुई अग्रवाल समाज की ईजीएम

आरोप-प्रत्यारोप का दौर, तीन पदाधिकारियों को निष्कासित कर नये लोगों को दी गई जिम्मेदारी

हैदराबाद, अग्रवाल समाज तेलंगाना की असाधारण आम बैठक में हंगामे और पुलिस के हस्तक्षेप के बीच तीन पदाधिकारियों को निष्कासित करते हुए उनके स्थान पर तीन नये पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया। अध्यक्ष द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार, मंत्री पद से विकास केसान को हटाकर डॉ. सीमा जैन को नियुक्त किया गया। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद से रूपेश अग्रवाल को निष्कासित कर हरिगोविंद अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई।

अचल गुप्ता को पद मुक्त करके उनके स्थान पर रामगोपाल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा प्रतीक अग्रवाल को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। आज यहाँ आबिड्स स्थित होटल रायल्टन में अग्रवाल समाज तेलंगाना (एएसटी) की असाधारण सभा (ईजीएम) की बैठक अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गयी, जिसमें समाज से निष्कासित पदाधिकारियों और समर्थकों ने पुरजोर विरोध करते हुए हंगामा किया और कहा कि सभा में सभी पदाधिकारियों को मंच पर आमंत्रित किया जाए, लेकिन अध्यक्ष ने कहा कि यह मीटिंग समाज की है, इसलिए निष्कासित सदस्य बाहर जाएँ।

इसको लेकर सदस्यों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए विरोध किया। बैठक के लिए आवश्यक कोरम पूरा होने के बाद अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता ने अग्रवाल समाज से निष्कासित किये गये सदस्यों को बैठक से बाहर जाने को कहा, लेकिन सदस्यों ने इसका विरोध किया और मंच पर आमंत्रित करने की माँग की। अध्यक्ष ने कहा कि इसमें निष्कासित सदस्य आमंत्रित नहीं हैं, जिसको लेकर काफी देर तक पुरजोर विरोध किया गया।

बैठक में हंगामा, पदों से निष्कासन पर बढ़ा विवाद

इसके बाद पुलिस को आना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद विरोध जारी रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आपसी सुलह से बैठक शुरू करायी। काफी देर तक विरोध जारी रहा। फिर बाद में किसी तरह मंच पर केवल अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता को ही संबोधित करने का अवसर दिया गया। अनिरुद्ध गुप्ता ने अपने संबोधन में समाज के साथ अपने पिछले तीन वर्षों के सफर को साझा किया और इस दौरान उनके मार्ग में आई बाधाओं का भी उल्लेख किया।

समाज से जुड़ने तथा किये गये कार्य एवं कार्य में अन्य पदाधिकारियों द्वारा उनको सहयोग न देने के असंतोष भाव को व्यक्त करते हुए उन्होंने अग्रवाल समाज के उपाध्यक्ष रूपेश अग्रवाल, मानद मंत्री विकास केसान और कोषाध्यक्ष अचल गुप्ता को पद से निष्कासित कर उनके स्थान पर नये पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा कर दी। इसके साथ ही निष्कासित पदाधिकारियों सहित समर्थकों ने पुरजोर विरोध करते हुए नारे लगाये और जमकर विरोध किया।

अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता ने सभा में संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनमें नेतृत्व और विभिन्न समितियों के पदों पर नियुक्तियों की पुष्टि तथा केंद्रीय समिति के भीतर पुनर्गठन शामिल है। उन्होंने जांच समिति और मध्यस्थता एवं अनुशासन समिति की महत्वपूर्ण रिपोर्टें प्रस्तुत की, जिन पर विस्तार से चर्चा हुई। तत्पश्चात संगठन के संवैधानिक ढांचे के अनुरूप इन रिपोर्टों में की गई सिफारिशों को स्वीकार करते हुए उचित प्रस्ताव पारित किए गए।

नई नियुक्तियों के बीच विवाद, निष्कासन पर संगठन में खींचतान

डॉ. सीमा जैन को सचिव के पद पर नियुक्त करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार गोयल रहेंगे। कार्यवाहक सचिव, संयुक्त सचिव और अग्रसेन जयंती समारोह की मुख्य संयोजक के रूप में दी गई उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए यह नियुक्ति की गई है। इसके अलावा सीए हरिगोविंद को कार्यवाहक उपाध्यक्ष, सीए राजगोपाल को कार्यवाहक कोषाध्यक्ष और प्रतीक अग्रवाल को कार्यवाहक संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

उपरोक्त पदों को नियमित करने हेतु बद्री विशाल बंसल द्वारा सदन से नामांकन आमंत्रित किए गए और उन्हें निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया, जबकि डॉ. आर.एन. गुप्ता को अपीलीय निर्वाचन प्राधिकारी बनाया गया। इस ईजीएम में अनुशासन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने अवसर पर कहा कि निष्कासित किए गये पदाधिकारियों का निर्णय सलाहकारों की हुई मीटिंग में लिया गया।

को-ऑप्ट केन्द्राय समिति सदस्यों को रिप्लेस करना, जांच समिति के चेयरमैन डॉ.आर.एन. गुप्ता की रिपोर्ट एवं आर्बिट्रेशन एवं डिस्प्लनरी समिति के चेयरमैन डॉ. सुरेश कुमार सिंघल द्वारा जांच के पश्चात तैयार की गई रिपोर्ट के बाद ही निर्णय हुआ। उन्होंने कहा कि निष्कासित सदस्यों द्वारा जो मीटिंग 12 अप्रैल को बुलाई गयी है, वह असंवैधानिक है। इस बैठक का एक मुख्य आकर्षण आगामी धार्मिक यात्रा (तीर्थयात्रा) को दी गई मंजूरी रही, जो जगन्नाथ पुरी धाम के लिए आयोजित की जाएगी।

निर्णयों पर बवाल, विरोध के बीच खत्म हुई बैठक

यह निर्णय जरूरतमंदों की सहायता हेतु समुदाय द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रयासों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
बैठक के अंत में इसके पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया और सभी के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया गया। निष्कासित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस निर्णय का पुरजोर विरोध कर जमकर नारेबाजी कर इसे एकतरफा निर्णय बताया और अध्यक्ष के विरोध में नारे लगाकर अपना रोष प्रकट किया।

अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार गोयल ने कहा कि बैठक में निर्णय लिये गये निर्णय सारे तर्क संगत व समाज के हित में है। उन्होंने नियुक्त किये गये पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए अच्छे कार्य किये जाएंगे ताकि समाज के सभी लोगों को लाभ हो। भविष्य में समाज बंधुओं के हित में कई योजनाएँ लागू की जाएँगी।

यह भी पढ़े : अग्रवाल समाज तेलंगाना की बैठक, विशेष सभा की घोषणा

गोयल ने अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन पर विश्वास कर समाज की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है जिसका सही तरीके से निर्वहन किया गया। बैठक में संयुक्त सचिव डॉ. सीमा जैन, सलाहकार बद्री विशाल बंसल और हरीश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष नरेश चौधरी, सुरेश सिंघल, सुभाष अग्रवाल, डॉ. आर.एन. गुप्ता, अंजनी अग्रवाल, मनीष अग्रवाल तथा लगभग सभी शाखाओं के अन्य विशिष्ट सदस्यों सहित 528 लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button