अग्रवाल शिक्षा समिति ने मनाया दीक्षांत समारोह

हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति द्वारा संचालित शंकरलाल धनराज सिग्नोडिया कॉलेज व राधे कृष्णा वूमेंस कॉलेज द्वारा समिति के सेडमल हॉल में विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। अवसर पर वर्ष 2024 व 2025 के मेधावी विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से स्नातक प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत, सरस्वती वंदना व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उस्मानिया विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर के. कृष्ण चैतन्या का स्वागत शॉल, स्मृति चिह्न व पौधा देकर किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों से संस्थापकों के योगदान को याद रखने और आत्मविश्वास के साथ नए जीवन में प्रवेश करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से व्यवसाय व वाणिज्य क्षेत्र में नैतिकता बनाए रखने पर जोर देते हुए सकारात्मक सोच रखने, परिश्रम करने और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

राधे कृष्णा वूमेंस कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पद्म प्रिया व शंकर लाल धनराज सिंह सिग्नोडिया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दाल पडाल ने कॉलेज की रिपोर्ट प्रस्तुत की। एस . डी. सिग्नोडिया कॉलेज के कॉरेस्पॉन्डेंट शिवशंकर अग्रवाल ने सभी का आभार प्रकट किया। राधे कृष्णा वूमेंस कॉलेज के कॉरेस्पॉन्डेंट डॉ. महेश कुमार केड़िया ने कहा कि आज सभी संस्थानों की यात्रा में ऐतिहासिक पड़ाव के तहत पहला ग्रैजुएशन डे मना रहे हैं।

व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज कल्याण के लिए प्रयास करने का आह्वान

समिति पिछले तीन दशकों से गर्व के साथ विरासत को आगे बढ़ा रही है। यह हमेशा से ही ज्ञान, अनुशासन और विकास का केंद्र रहा है। विद्यार्थी हमेशा जिज्ञासु बने रहें, सीखते रहें और चुनौतियों का सामना करने से कभी न डरें। सबसे महत्वपूर्ण केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के कल्याण के लिए प्रयास करें।

एस.डी. सिग्नोडिया कॉलेज के डोनर सी.ए. नवीन कुमार सिग्नोडिया ने कहा कि दानदाताओं के रूप में जुड़ने पर गर्व है। उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट का अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। राधे कृष्णा वूमेन्स कॉलेज के डोनर प्रवीण कुमार अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थी राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्हें सफलता की भूख बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने ऐक्शन, एटीट्यूड और एटमॉस्फेयर के महत्व पर प्रकाश डाला।

समिति के मानद मंत्री सी.ए. नवीन कुमार अग्रवाल ने दीक्षांत समारोह को महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। ट्रस्ट बोर्ड चेयरमैन डॉ. श्यामसुंदर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का यह दिन आपके माता-पिता के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि आज की लड़कियाँ माँ दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी का रूप हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा दी। राधे कृष्णा वूमेंस कॉलेज की व्याख्याता अमतुल हबीबा ने मुख्य अतिथि प्रो. के. कृष्ण चैतन्य का परिचय दिया।

यह भी पढ़ें… आर्थिक स्थिति सशक्त बनाने संस्थागत सुधार ज़रूरी : नवीन मित्तल

नैतिक मूल्यों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान

समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया ने दानदाताओं की सराहना करते हुए स्नातकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का यह दीक्षांत समारोह शिक्षक और विद्यार्थी की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समिति विद्यार्थियों की प्रगति के लिए सदा तत्पर रहेगी। साथ ही विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई।

मंचासीन गणमान्यों द्वारा स्नातक विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अवसर पर समिति के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. मोहन गुप्ता, राधे कृष्णा वूमेन्स कॉलेज के समन्वयक मनीष कुमार अग्रवाल, एस.डी. सिग्नोडिया के एम.बी.के. के करेस्पॉन्डेंट मुकंदलाल अग्रवाल, एल.एन. गुप्ता कॉलेज के करेस्पॉन्डेंट महेश कुमार अग्रवाल, अकादमिक निदेशिका डॉ. सरोज जैन, संयुक्त अकादमिक निर्देशक डॉ. राजेश अग्रवाल, सी.ए.ओ. आराधना मोदानी, संस्थाओं के प्रधान, शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता आकांक्षा जायसवाल, व्याख्याता मयूरी बजाज, व्याख्याता कामाक्षी बाहेती ने संयुक्त रूप से किया। व्याख्याता डॉ. बद्रीविशाल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button