अकबरुद्दीन व रेवंत रेड्डी दोस्त : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) की जनता को कांग्रेस, मजलिस व बीआरएस के प्रति सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि म्युनिसिपल चुनाव में जिस प्रकार इन तीनों पार्टियों ने मिलीभगत से भाजपा की जीत के बीच गतिरोध पैदा करने के प्रयास किए, अब जीएचएमसी में करने जा रहे हैं।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में जग्तियाल जिला के कोरुट्ला से संबंधित डॉ. अनूप राव अपने भारी समर्थकों के साथ सांसद धर्मपुरी अरविंद की उपस्थिति में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राचमंदर राव के समक्ष भाजपा में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को मुसलमान विरोधी करार देते हुए मजलिस विधायक दल के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी द्वारा दिए गए बयान पर रामचंदर राव ने कहा कि दरअसल अकबरुद्दीन और रेवंतुद्दीन दोनों अच्छे दोस्त हैं।
यह भी पढ़ें… रामचंदर राव ने किया मूसी सौंदर्यीकरण के नाम पर गरीबों को बेघर किये जाने का विरोध
जुबली हिल्स उप चुनाव में कांग्रेस और मुसलमान संबंध स्पष्ट
दोनों के बीच जबरदस्त अंडरस्टैंडिंग है। इसी के चलते मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अकबरुद्दीन से यह बयान दिलवाया है। उन्होंने कहा कि जुबली हिल्स उप चुनाव में खुद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मुसलमान का अर्थ कांग्रेस और कांग्रेस का मतलब मुसलमान बताकर कांग्रेस की नीति साफ कर दी थी। उन्होंने कहा कि अब जनता मजलिस और कांग्रेस की खेली जा रही धर्म की राजनीति को पूरी तरह से समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को डर है कि इसका असर जीएचएमसी चुनाव में अवश्य पड़ेगा। इसलिए चुनाव में भाजपा की जीत को रोकने के उद्देश्य से अकबरुद्दीन ओवैसी से बयान दिलवाकर ड्रामा किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों की दोस्ती का सबूत है कि मूसी सौंदर्यीकरण के नाम पर जहां रेवंत रेड्डी सरकार गरीब व मध्यवर्ग के घरों को निर्ममता से ढहाकर परिवारों को सड़क पर ला खड़ा कर रही है वहीं दूसरी ओर मीरआलम तालाब के फुल टैंक लेवल (एफटीएल) परिधि में अकबरुद्दीन ओवैसी के संचालित कॉलेज को ढहाने की हिम्मत हैदराबाद डिजास्टर रेस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (हैद्रा) नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी के पारदर्शी सुशासन के चलते जनता का भरोसा भाजपा पर बढ़ा है और मेधावी, शिक्षाविद् व युवा और महिलाएँ भाजपा की ओर आकर्षित होकर शामिल होने लगे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



