गीतम दीक्षांत में अमिताभ कांत ने दिए विकास मंत्र
हैदराबाद, गीतम डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, हैदराबाद स्थित कौटिल्य स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी का चौथा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। अवसर पर 35 छात्रों को डिग्रियाँ प्रदान की गईं। साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि नीति आयोग के पूर्व सीईओ और भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत थे।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अमिताभ कांत ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए छात्रों को सार्वजनिक नीति और शासन के क्षेत्र में सार्थक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में नवाचार तथा अखंडता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि छात्रों को जमीनी स्तर के शासन विशेषकर जिलों और राज्यों के साथ जुड़ना चाहिए, जो भारत के संघीय ढाँचे की असली शक्ति हैं। उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाकर और व्यापार लागत कम कर इसे वैश्विक विनिर्माण केंद्र में बदलने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
जन विश्वास से निर्यात और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा
जन विश्वास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि निर्यात को बढ़ावा देने और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने के लिए विश्वास को मजबूत करना व व्यापारिक स्थितियों में सुधार करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों को भारत के कृषि और औद्योगिक प्रदर्शन की तुलना वैश्विक मानकों से करने के लिए प्रोत्साहित किया। अमिताभ कांत ने भारत की 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की महत्वाकांक्षा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा पेशेवरों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य सेवा और पोषण जैसे क्षेत्रों में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की परिवर्तनकारी क्षमता पर बल दिया।
अकादमिक उत्कृष्टता के लिए अभिजीत सुधीर राउत को प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल तथा सर्वश्रेष्ठ कैपस्टोन प्रोजेक्ट के लिए सिमरन कौर को डीन गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। यनामंदरा मल्लिकार्जुन राव मेमोरियल गोल्ड मेडल संयुक्त रूप से अभिजीत सुधीर राउत और अमल शुक्ला को दिया गया।
अवसर पर गीतम के अध्यक्ष एम. श्री भरत ने लोक नीति में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करने वाले सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। कुलपति प्रो. एरोल डीसूजा, प्रो. डी.एस. राव, डॉ. डी. गुनासेकरन तथा डॉ. वसुधा काटजू सहित गीतम के अधिकारी, संकाय सदस्य, छात्र एवं अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



