आंगनवाड़ी शिक्षिका का पेड़ से बांध कर अपमान, पाँच गिरफ्तार
हैदराबाद, नगर के सीमांत स्थित संगारेड्डी जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक आंगनवाड़ी शिक्षिका को ग्रामीणों ने उसके पति द्वारा किए गए कथित वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में पेड़ से बांध दिया। पुलिस ने इस मामले में पाँच लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि यह घटना बुधवार को कंगटी मंडल के रसोले गांव में उस समय हुई, जब पीड़िता वसंता कुमारी ड्यूटी पर थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वसंता कुमारी को रस्सी से पेड़ से बांध दिया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। वसंता कुमारी के पति प्रभाकर ने एबीएम फाइनेंस नामक एक फर्म के नाम पर रामारागिड्डा गांव के लोगों से पैसे इकट्ठा किए थे और बेहतर रिटर्न देने का वादा किया था, लेकिन पैसे इकट्ठा करने के बाद वह फरार हो गया।
यह भी पढ़ें… खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ मैलारदेवपल्ली पुलिस ने की कार्रवाई
ग्रामीणों ने प्रभाकर का गुस्सा उसकी पत्नी वसंता कुमारी पर निकाला। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच पड़ताल जारी है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



