अनिल अंबानी का 3,716 करोड़ का घर कुर्क

नई दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन रोधक कानून (पीएमएलए) के तहत रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी के मुंबई स्थित घर एबोड को कुर्क कर लिया है, जिसकी कीमत 3,716 करोड़ रुपये है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित यह आलीशान घर 66 मीटर ऊँचा है और इसमें 17 मंजिलें हैं। संघीय जाँच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि अंबानी की समूह कंपनी आरकॉम द्वारा कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में इस बहुमंजिला घर को कुर्क करने के लिए पीएमएलए के तहत एक अस्थायी आदेश जारी किया गया है। एजेंसी ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति का मूल्य 3,716.83 करोड़ रुपये है। अंबानी पूछताछ के दूसरे दौर के लिए यहाँ ईडी के सामने पेश हो सकते हैं। उन्होंने पहली बार अगस्त, 2025 में ईडी के सामने पेश होकर पीएमएलए के तहत अपना बयान दर्ज कराया था।

आरकॉम पर 40,185 करोड़ का बकाया कर्ज

ईडी ने नवंबर, 2025 में इसी संपत्ति का एक हिस्सा कुर्क किया था, जिसकी कीमत 473.17 करोड़ रुपये थी। ताजा आदेश के साथ इस मामले में कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य अब लगभग 15,700 करोड़ रुपये हो गया है। ईडी के अनुसार, आरकॉम और उसकी समूह कंपनियों ने घरेलू और विदेशी ऋणदाताओं से कर्ज लिया था, जिसकी कुल बकाया राशि 40,185 करोड़ रुपये है। इस घटनाक्रम पर टिप्पणी के लिए पीटीआई-भाषा ने रिलायंस ग्रुप को ईमेल भेजा, जिसका जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़े: धनशोधन मामला : अनिल अंबानी हाज़िर हो !

जाँच में पाया गया कि अन्य संपत्तियों के साथ पाली हिल स्थित इस संपत्ति (एबोड) को राइजी ट्रस्ट में शामिल किया गया था, जो अंबानी परिवार के सदस्यों का एक निजी पारिवारिक ट्रस्ट है। एजेंसी ने दावा किया, यह इसलिए किया गया ताकि ऐसा लगे कि अनिल अंबानी इसमें शामिल नहीं हैं। इस कॉरपोरेट पुनर्गठन का मकसद संपत्ति को राइजी ट्रस्ट में एकत्रित करके उसे सुरक्षित रखना और संसाधन जुटाना था, ताकि इसे अनिल अंबानी की उन व्यक्तिगत देनदारियों से बचाया जा सके, जो उन्होंने आरकॉम को दिए गए ऋणों के बदले बैंकों को दी थीं। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button