जीकेपीएस एवं एलबीएमटी स्कूल का वार्षिक पुरस्कार वितरण

हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति के तत्वावधान में संचालित जीकेपीएस एवं एलबीएमटी स्कूल का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह समिति के सेडमल हॉल में संपन्न हुआ। यहाँ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की मेहनत को मान्यता देकर उन्हें सम्मानित करने, प्रेरित करने और भविष्य की उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करने, छिपी हुई योग्यताओं, प्रतिभाओं को बाहर लाने के उद्देश्य से आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का शुभारंभ परंपरागत रूप से मातृभूमि की वंदना एवं मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन से हुआ।

अवसर पर मुख्य अतिथि शिक्षा समिति ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर ने कहा कि ईश्वर हमें प्रतिभा प्रदान करता है और प्रतियोगिताएं हमें अवसर प्रदान करती हैं कि हम अपनी योग्यता को सिद्ध कर सकें। उन्होंने कहा कि लड़कियां ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ रचनाएं हैं जिनमें दुर्गा लक्ष्मी और सरस्वती का वास होता है। उनमें अपार क्षमता, त्याग, क्षमाशीलता, सहनशीलता आदि गुण होते हैं। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी की उनकी सफलता के लिए प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं।

समन्वयक प्रदीप कुमार ने अध्यापकों के योगदान को सराहा

मानद मंत्री सीए नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन सभी विद्यार्थियों के जीवन में यादगार दिवस बनेगा। जब वे अपने पुरस्कारों को देखेंगे तो उन्हें यह अनुभूति होगी कि उनमें स्वयं में कितनी योग्यता है और वे क्या कर सकते हैं। जीवन में आने वाली हर चुनौती को स्वीकार करने, अपनी कर्मठता और परिश्रम से सफलता प्राप्त करने और लक्ष्य निर्धारण करने की प्रेरणा इन संस्मरणों से प्राप्त होती है। विद्यालय के समन्वयक प्रदीप कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन को आकार देने में अध्यापकों का अभूतपूर्व योगदान होता है। जीवन में सफलता प्राप्ति आवश्यक है। हमें उसके लिए सदैव प्रयत्नशील रहना चाहिए।

शिक्षा समिति की अकादमिक निदेशक डॉ. सरोज जैन ने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करना एक सफलता है। वे सब बधाई के पात्र हैं जो पुरस्कृत हुए हैं किंतु जिन विद्यार्थियों को पुरस्कार नहीं मिला, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में ऊँची छलांग लगाने के लिए थोड़ा पीछे हटना पड़ता है और एक बार हार को भी स्वीकार करना पड़ता है, तभी हम जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। हमें चाहिए कि हम लगातार परिश्रम करते रहें और सफलता की सीढ़ियां चढ़ते जाएँ।

प्रधानाध्यापिका ने विद्यार्थियों का स्वागत कर गर्व व्यक्त किया

अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति बाला चौहान ने सभी आमंत्रित अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने अभिनंदन भाषण में कहा कि यह हमारे विद्यालय के लिए गर्व का दिन है। प्रत्येक पुरस्कार विद्यार्थी के परिश्रम एवं कर्मठता का परिणाम एवं पारितोषिक है। ऐसे अवसर विद्यार्थियों में चुनौतियों को स्वीकार करने और भविष्य में उन्नति करने के मार्ग को प्रशस्त करते हैं और उनकी सफलता में सहायक बनते हैं।

अवसर पर लगभग 60 प्रतियोगिताओं के लिए 400 पुरस्कार वितरित किए गए। समारोह में साहित्यिक पुरस्कार के अतिरिक्त खेलकूद पुरस्कार भी दिए गए। इसके अलावा मेधावी छात्र भी पुरस्कृत किये गये। समारोह के अंत में मेघा कुलकर्णी ने आभार व्यक्त किया। सामूहिक राष्ट्रगान के पश्चात सभा सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन रीता माथुर, रेवती माथुर, निधि कौशिक एवं प्रीति अनुप्रिया ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि का स्वागत सैपलिंग द्वारा किया गया।

अवसर पर मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. मोहन गुप्ता, आरकेडब्ल्यूसी के करेस्पॉन्डेंट डॉ. महेश केड़िया, बीबी एमएस के करेस्पॉन्डेंट शेष कुमार गोयल, दोनों स्कूलों के कोऑर्डिनेटर प्रदीप कुमार, समिति की अकादमिक निर्देशिका सरोज जैन, गणमान्य अतिथियों के अतिरिक्त अन्य शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यगण, शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button