अनुराग कपिल ने संभाला एनएमडीसी के निदेशक (वित्त) का पदभार

हैदराबाद, भारतीय रेलवे लेखा सेवा (आईआरएएस) के 1998 बैच के अधिकारी अनुराग कपिल ने भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड में निदेशक (वित्त) के रूप में पद्भार ग्रहण किया। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय रेलवे और सीपीएसयू में 26 वर्षों से अधिक के कॅरियर के साथ कपिल वित्तीय प्रबंधन और सार्वजनिक क्षेत्र के अभिशासन में परिचालन विशेषज्ञता तथा रणनीतिक विजन का अनुभव रखते हैं। उन्होंने भारतीय रेलवे में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, एफए एंड सीएओ (यातायात), एफए एंड सीएओ (वित्त एवं जनरल) तथा उप मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित प्रमुख पदों पर कार्य किया। उन्होंने कोयला मंत्रालय में निदेशक के रूप में भी कार्य किया।

एनएमडीसी में कार्यग्रहण से पूर्व वह रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक, वित्त (व्यय) के रूप में कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने भारतीय रेलवे के लिए वित्तीय नीति मामलों, व्यय प्रबंधन, योजना, परियोजना निगरानी तथा उत्पादकता विश्लेषण का दायित्व निभाया। उन्होंने रेलवे के सभी सीपीएसई में पूँजी पुनर्गठन, समझौते ज्ञापनों, विनिवेश प्रस्तावों और वित्तीय अनुमोदन से संबंधित पहल सहित पीएसयू अभिशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कपिल ने वित्तीय निरीक्षण, नीति निर्माण एवं रणनीतिक योजना बनाने में मजबूत नेतृत्व का प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें… श्रीधर रेड्डी कोप्पुला के नेतृत्व में नरेडको की नई कार्यसमिति गठित

सरकारी लेखांकन व परियोजना मूल्यांकन में विशेषज्ञता

उनके अनुभव में सरकारी लेखांकन, परियोजना मूल्यांकन, पीपीपी ढाँचे, अनुबंध प्रबंधन एवं आर्विट्रेशन, बजटीय नियंत्रण, लागत-लाभ विश्लेषण तथा कार्यक्रम मूल्यांकन में विशेषज्ञता शामिल हैं। कोयला क्षेत्र में प्रमुख राष्ट्रीय नीतियों के निर्माण में योगदान के साथ वह प्रमुख विनिवेश पहलों और नियामक ढाँचे की स्थापना से जुड़े रहे। उनके पास कॉनकॉर के निदेशक (वित्त) का अतिरिक्त दायित्व भी था, जहाँ उन्होंने वित्तीय प्रदर्शन को मजबूत कर विविधीकरण, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स तथा सतत विकास में रणनीतिक पहल का नेतृत्व किया।

कपिल ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों और कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें खनन मिशन, स्वच्छ कोयला प्रौद्योगिकी, विनिवेश रोड शो एवं नेट जीरो लक्ष्यों के साथ ऊर्जा सहयोग शामिल है। कपिल ने सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड, मिनरल एक्सप्लोरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रेलवे एनर्जी मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड और कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड सहित कई सीपीएसई के बोर्ड में सरकार द्वारा नामित निदेशक के रूप में कार्य किया। उन्होंने आईएसबी में कार्यक्रमों सहित वित्त, पीपीपी, रणनीतिक प्रबंधन तथा सतर्कता में व्यापक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कपिल हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र रहे। उन्होंने रसायन विज्ञान (ऑनर्स) में डिग्री, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन संकाय से एमबीए (वित्त एवं विपणन) तथा मिनेसोटा विश्वविद्यालय, यूएसए से सार्वजनिक मामलों में मास्टर डिग्री प्राप्त की। उन्हें भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए 2009 में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button