वेतन से जुड़ी माँगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
हैदराबाद, वेतन से जुड़ी माँगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा कोठी स्थित तेलंगाना स्वास्थ्य आयुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरने में तेलंगाना के विभिन्न भागों से आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए कांग्रेस सरकार के चुनावी वादे के तौर पर दिए गए 18,000 रुपये की निश्चित मासिक आय को तत्काल लागू करने की माँग की।




प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि माँग पूरी न होने पर राज्य में लागू विभिन्न स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही कहा कि माँग को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन राज्य सरकार ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया। हमारी अपील है कि सरकार निश्चित मासिक आय के साथ अत्यधिक कार्यभार, लंबित भुगतानों की प्राप्ति में देरी, नौकरी की सुरक्षा, सेवानिवृत्ति लाभ और रविवार और राष्ट्रीय छुट्टियों पर सवैतनिक अवकाश जैसे मुद्दों की ओर भी ध्यान केंद्रित करे।
यह भी पढ़ें… पहाड़ी शरीफ में 41 एनडीपीएल शराब बोतलें जब्त, 5 गिरफ्तार
तेलंगाना आशा वर्कर्स यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार को आगामी बजट सत्र में विधानसभा में सभी आशा कार्यकर्ताओं के लिए 18,000 रुपये की निश्चित मासिक आय लागू करने वाला विधेयक पेश करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। सरकार को सत्ता में आए दो साल से अधिक हो गए हैं, लेकिन अभी तक चुनावी वायदे पूरे नही किए। इसके अलावा राज्य सरकार जमीनी स्तर के स्वास्थ्य सेवा कर्मियों के लिए भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा जैसे लाभों को लागू करने के अन्य चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा करने में भी विफल रही है। अब समय आ गया है कि वह अपने चुनावी वादे को पूरा करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



