बाफ्टा ने जॉन डेविडसन की नस्लीय टिप्पणी पर ‘सिनर्स’ के कलाकारों से माफी मांगी
लंदन, ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (बाफ्टा) ने पुरस्कार समारोह के दौरान ‘टॉरेट सिंड्रोम’ कार्यकर्ता जॉन डेविडसन द्वारा की गई नस्लीय टिप्पणी पर माफी मांगी है। यह घटना तब हुई जब ‘सिनर्स’ फिल्म के कलाकार माइकल बी. जॉर्डन और डेलरॉय लिंडो पुरस्कार प्रदान कर रहे थे। डेविडसन की बीमारी के कारण उनके मुंह से अचानक निकले ये शब्द प्रसारण के दौरान सुने गए।
यह नस्लीय टिप्पणी उस समय की गई जब जॉर्डन और लिंडो फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को ‘बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स’ का पुरस्कार दे रहे थे। बाफ्टा ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा, ‘बीती रात बाफ्टा फिल्म पुरस्कार समारोह में हमारे मेहमानों ने अत्यंत अपमानजनक भाषा सुनी, जो कई लोगों के लिए अत्यंत आघात और पीड़ा का कारण बनी।
हम इससे हुए नुकसान को स्वीकार करते हैं, जो हुआ उस पर स्पष्टीकरण देते हैं और सभी से माफी मांगते हैं।’बयान में कहा गया, ‘हमारे मेहमानों में शामिल जॉन डेविडसन (एमबीई) को ‘टॉरेट सिंड्रोम’ है और उन्होंने अपना जीवन इस स्थिति के बारे में बेहतर समझ विकसित करने के लिए शिक्षा और अभियान चलाने में समर्पित कर दिया है।’
टॉरेट सिंड्रोम के कारण अनियंत्रित शब्द, आयोजकों ने मांगी माफी
बयान के अनुसार, ‘टॉरेट सिंड्रोम’ के कारण व्यक्ति के मुंह से अनैच्छिक शब्द (टिक्स) निकलते हैं, जिस पर उसका कोई नियंत्रण नहीं होता। इस तरह के शब्द किसी भी तरह से व्यक्ति के विश्वासों को नही दिखाते हैं और न ही ये जानबूझकर कहे जाते हैं। जॉन डेविडसन बाफ्टा नामांकित फिल्म ‘आई स्वियर’ के कार्यकारी निर्माता हैं, जो उनके जीवन के अनुभवों पर आधारित है।
बाफ्टा ने कहा कि उन्होंने रविवार को समारोह में शामिल होने वाले लोगों को डेविडसन की स्थिति के बारे में पहले ही अवगत करा दिया था। बाफ्टा ने बयान में कहा, ‘समारोह की शुरुआत में ही हॉल में मौजूद कई लोगों को एक बहुत ही आपत्तिजनक शब्द सुनाई दिया। उस समय माइकल बी. जॉर्डन और डेलरॉय लिंडो मंच पर थे। हम उनसे और इससे प्रभावित होने वाले सभी लोगों से बिना शर्त माफी मांगते हैं। हम माइकल और डेलरॉय को उनकी अतुल्य गरिमा और पेशेवर अंदाज के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं।’
बयान में कहा गया, ‘समारोह के दौरान, जॉन ने खुद सभागार से बाहर जाने और बाकी का कार्यक्रम स्क्रीन पर देखने का फैसला किया। उत्सव की इस रात में दूसरों के प्रति दिखाई गई उनकी गरिमा और संवेदनशीलता के लिए हम उन्हें धन्यवाद देते हैं।’ टॉरेट सिंड्रोम एक तंत्रिका संबंधी (न्यूरोलॉजिकल) विकार है जो मस्तिष्क और नसों को प्रभावित करता है। इसमें व्यक्ति अचानक, अनियंत्रित और बार-बार होने वाली शारीरिक हरकतें या आवाजें करता है, जिन्हें ‘टिक्स’ कहा जाता है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


