बांग्लादेशी रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ कार्रवाई की माँग

हैदराबाद, भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति ने तेलंगाना में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी रोहिंग्या मुसलमानों को विशेष ऑपरेशन चलाकर तुरंत गिरफ्तार करने और केंद्र सरकार के सहयोग से वापस भेजने की माँग की।

भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष जी. राघवरेड्डी पुल्ला रेड्डी के नेतृत्व में महासचिव डॉ. रावीनूतला शशिधर, समिति के सलाहकार करोड़ीमल नरसिंगपुरिया, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) मठ मंदिर संरक्षक एम. रामाराजू व भास्कर राज ने प्रतिनिधिमंडल के रूप में डीजीपी से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। शशिधर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि अवैध रूप से रह रहे बंग्लादेशी रोहिंग्या मुसलमान घुसपैठिये भाग्यनगर ही नहीं, तेलंगाना के विभिन्न जिलों, मंडलों में फैल चुके हैं।

शशिधर ने कहा कि बालापुर में जनसभा की अनुमति के लिए कोर्ट जाने पर राचकोंडा पुलिस ने बालापुर पुलिस थाना परिधि के 23 कॉलोनियों में अवैध रूप से रह रहे बंग्लादेशी रोहिंग्या मुसलमान घुसपैठियों की संख्या 6,993 बताई थी, लेकिन उन्हें वापस भेजने में पुलिस को क्या समस्या है? उन्होंने कहा कि यह घुसपैठिये अनेक जिहादी कार्यकलापों में लिप्त हैं, तुरंत सभी को गिरफ्तार कर वापस उनके देश भेजने के लिए केंद्र सरकार से चर्चा कर कदम उठाने की माँग डीजीपी से की गई।

रमजान पर भजन विवाद : शशिधर ने हिन्दू अधिकारों की रक्षा मांगी

डॉ. रावीनूतला शशिधर ने हाल के समय बांसवाड़ा में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में हिन्दू महिला द्वारा भजन सुनने पर मुसलमान व्यक्ति द्वारा आपत्ति जताए जाने का उल्लेख करते हुए प्रश्न किया कि रमजान है तो क्या हिन्दुओं को दुर्गामाता के भजन सुनने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति ठीक नहीं है, सेक्युलरिज्म का अर्थ एक वर्ग के अधिकारों के लिए दूसरे वर्ग के अधिकारों को कुचलना नहीं होता। उन्होंने तुरंत इस्लामिक रजाकार मानसिकता वाले ऐसे धर्मांध तत्वों की समग्र जाँच कर इन पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग की।

शशिधर ने कहा कि पिछले 1 वर्ष से हिन्दू मंदिरों को ध्वस्त किए जाने तथा हिन्दुओं पर हमले की घटनाएँ आए दिन सुनने को मिल रही हैं। प्रतिदिन सुबह यह चिंता रहती है कि सुर्खियों में पता नहीं कौनसे हिन्दू मंदिर के ध्वस्त किए जाने या हिन्दुओं पर हमला किए जाने से संबंधित खबर पढ़ने या देखने को मिल जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने कहा कि राज्य में जैसे अघोषित प्रतिबंध लगाए गए हैं।

यह भी पढ़े: गिरिजन महिला को टार्चर करने के मामले में कार्रवाई की माँग

जागो हिन्दू राउंड टेबल बैठक आज

गणेश सेना के तत्वावधान में ‘जागो हिन्दू वर्तमान चुनौतियाँ- अपने समाधान’ विषय पर राउंड टेबल बैठक गुरुवार, 26 फरवरी को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक सोमाजीगुड़ा प्रेस क्लब में आयोजित की जाएगी। बैठक में विभिन्न हिन्दू संगठन चर्चा करेंगे। अवसर पर जिहादी कार्यकलापों, अवैध रूप से रह रहे बंग्लादेशी रोहिंग्या मुसलमान घुसपैठियों की समस्याओं आदि पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button