भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट की एपी सरकार के साथ साझेदारी
हैदराबाद, युवा उद्यमिता क्षमता को विकसित करने और स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग के माध्यम से राज्य में सूक्ष्म और नैनो उद्यम को बढ़ावा दिया जाएगा तथा परामर्श, प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता तक पहुँच और निरंतर सहयोग के माध्यम से युवाओं को समर्थन प्रदान किया जाएगा।
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एपी के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और एमएसएमई सशक्तिकरण एवं संबंध मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास इस की उपस्थिति में बीवाईएसटी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ एक समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह पहल सरकार की एक परिवार, एक उद्यमी की परिकल्पना को समर्थन देती है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार में उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर मजबूत उद्यम पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।
यह भी पढ़ें… शिक्षा-स्वास्थ्य पर ध्यान दें छात्र, हरिचंदना दासरी ने किया आह्वान
15,000 मेंटर्स और 2,000 से अधिक युवाओं को वित्तीय सहायता
यह कार्यक्रम विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, अमरावती, तिरुपति, कडप्पा और अनंतपुर जिलों में लागू किया जाएगा, जिससे इच्छुक युवाओं को अपने विचारों को व्यवहारिक व्यवसाय में बदलने का अवसर मिलेगा। अगले तीन वर्षों में बीवाईएसटी, एपीएमएसएमई, सिस्को इंडिया सीएसआर और अन्य सहयोगियों के समर्थन से राज्य के उद्यमिता तंत्र को और मजबूत करने के लिए 15,000 मेंटर्स का नेटवर्क तैयार किया जाएगा तथा 2,000 से अधिक युवा उद्यमियों को वित्तीय सहायता तक पहुँच उपलब्ध कराएगा।
बीवाईएसटी की संस्थापक और प्रबंध ट्रस्टी लक्ष्मी वेंकटेशन ने कहा कि भारत के युवाओं के पास विचार और महत्वाकांक्षा की कमी नहीं है, लेकिन अक्सर मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के अभाव में उनकी यात्रा शुरू होने से पहले ही रुक जाती है। आंध्र प्रदेश में इस पहल के माध्यम से युवाओं को मेंटरशिप, सीखने के अवसर और वित्तीय मार्ग प्रदान किये जा रहे हैं, ताकि उनके विचार टिकाऊ उद्यमों में बदल सकें और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



